हरियाणा : 7 से 28 जुलाई तक सदस्यता अभियान चलाएगी भाजपा
खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग मंत्री कर्ण देव कंबोज ने चार मंडलों के पन्ना प्रमुखों व कार्यकर्ताओं की ली बैठक
संदीप कम्बोज। मीडिया जंक्शन
नारनौंद/हिसार। हरियाणा सरकार के खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के मंत्री कर्णदेव कंबोज ने कहा है कि भाजपा के सभी कार्यकर्ता कल 7 जुलाई से 28 जुलाई तक अपने-अपने मंडल में सदस्यता अभियान चलाएंगे। इसके माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को पार्टी के साथ जोड़ा जाएगा। मंत्री कर्णदेव कंबोज ने यह बात आज नारनौंद में दादा देवराज धर्मशाला में बास व नारनौंद मंडलों तथा खेड़ी चोपटा स्थित भागमल नर्सिंग कॉलेज में खेड़ी चोपटा तथा सिसाय मंडलों के कार्यकर्ताओं व पन्ना प्रमुखों की बैठक को संबोधित करते हुए कही। मंत्री कर्णदेव कंबोज ने कहा कि पार्टी के सभी कार्यकर्ता व पन्ना प्रमुख अपने-अपने क्षेत्र के लोगों को केंद्र व प्रदेश सरकार की सभी जन-कल्याणकारी योजनाओं से अवगत करवाएं। उन्होंने बताया कि प्रत्येक पन्ना प्रमुख के लिए अपना बूथ मजबूत करना बहुत जरूरी है, क्योंकि इसी फार्मूले से भाजपा ने लोकसभा चुनाव में रिकॉर्ड जीत हासिल की थी। उन्होंने कहा कि सभी पन्ना प्रमुख व कार्यकर्ता हार वाले बूथों पर हार के कारणों की समीक्षा करें और मेहनत करके ऐसी स्थिति बनाएं कि आगामी विधानसभा चुनाव में इन बूथों पर भाजपा प्रत्याशी को निश्चित जीत मिल सके। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल 15 अगस्त से 10 सितंबर तक प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में जन आशीर्वाद यात्रा निकालेंगे। इसके माध्यम से सरकार की कल्याणकारी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी का साथ देने का आह्वïान किया जाएगा। इसके अलावा राज्य स्तरीय विजय संकल्प रैली भी आयोजित की जाएगी जिसमें 2 लाख पन्ना प्रमुख भाग लेंगे। श्री कंबोज ने कहा कि प्रदेश में युवाओं को मेरिट के आधार पर नौकरियां मिलने से प्रदेशवासियों का मनोबल बढ़ा है। सभी कार्यकर्ता व पन्ना प्रमुख सरकार की इस महत्वपूर्ण नीति की चर्चा आमजन से करें तथा इसका अधिक से अधिक प्रचार युवाओं तक भी करें ताकि उनकी सरकार के साथ कनेक्टिविटी बढ़े। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत योजना, किसान सम्मान व फसल बीमा जैसी अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं शुरू की हैं। अभी हाल ही में 17 फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य बढ़ाया गया है जो एक सराहनीय कदम है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में सभी सेवाओं को तकनीक से जोड़ते हुए इन्हें डिजिटाइज किया गया है। इस कारण आमजन को मिलने वाली सेवाओं व योजनाओं में पारदर्शिता आई है। योजनाओं को आधार से लिंक करने के कारण भ्रष्टïाचार में भारी कमी आई है तथा वास्तविक जरूरतमंदों तक योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित हुई है। उन्होंने कहा कि पन्ना प्रमुख पार्टी की सबसे मजबूत इकाई है और वे अपने महत्व को समझते हुए अपने बूथ को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।इन बैठकों में युवा भाजपा नेता अजय सिंधु, जिला विस्तारक दिनेश गोयल, राजेंद्र लांबा, जयबीर माजरा, एडवोकेट सुशील खरब, कृष्ण डाटा, रघुवीर, पप्पु व पवन धनाना सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी भी मौजूद थे।
राखी गढी़ म्यूजियम का भी किया दौरा
चार मंडलों की बैठक लेने के अलावा मंत्री कर्णदेव कंबोज ने राखीगढ़ी में बनाए जा रहे म्यूजियम का भी दौरा किया और यहां चल रहे निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि यह स्थान सिंधु घाटी सभ्यता के पांच सबसे बड़े कस्बों में से एक रहा है। यहां बन रहे म्यूजियम के कारण यह स्थान एक बड़े पर्यटन स्थल का रूप लेगा और इस क्षेत्र के विकास को तेज गति मिलेगी।



0 Comments