हरियाणा : इन 4 प्रोजेक्ट के लिए मंजूर हो गए हैं 2423.54 लाख रूपए 



25 अगस्त 2019, 8:58 PM
हरियाणा मीडिया जंक्शन। प्रवीन कम्बोज
चंडीगढ़। हरियाणा के लोगों को बेहतर सुविधाएं मुहैया करवाने के उद्देश्य से हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने राज्य के विभिन्न जिलों में 2423.54 लाख रुपये की लागत से विभिन्न चार परियोजनाओं को प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि सरकार ने प्रदेश में विभिन्न भवनों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम को स्थापित करने के लिए बल दिया है और इसी कड़ी में मुख्यमंत्री ने इन सिस्टम को स्थापित करने हेतु 526.82 लाख रुपये की भी प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। इसी तरह, पेहोवा-पटियाला रोड की नियतकालिक मरम्मत के लिए भी 220.21 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। उन्होंने बताया कि सरकार  राज्य के लोगो को बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए  कृत संकल्प हैं, और इसी  दिशा में  जिला अंबाला में टांगरी नदी के बांध पर रेलवे क्रॉसिंग ननहेड़ा से रामगढ़ तक सडक निर्माण के लिए 1187.93 लाख रुपये की संशोधित प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इसी प्रकार, जिला भिवानी में किलोमीटर 154.20 से 178.50 तक हांसी-तोशाम-बहल-सोढ़ीवास रोड पर 30 मिमी मोटा बिटुमेनियस कार्पेट (बीसी) के प्रावधान द्वारा विशेष मरम्मत के लिए 488.58 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।