जल संरक्षण में सराहनीय योगदान वाली ग्राम पंचायतों, नगर निकायों को सम्मानित करेगी केंद्र सरकार, 30 नवंबर तक करें आवदेन


जल संरक्षण में सराहनीय योगदान वाली ग्राम पंचायतों, नगर निकायों को सम्मानित करेगी केंद्र सरकार, 30 नवंबर तक करें आवदेन 



30 अक्तूबर 2019, 11:51 AM
प्रवीन कम्बोज। हरियाणा मीडिया जंक्शन

चंडीगढ़। जल संरक्षण व प्रबन्धन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले श्रेष्ठ राज्यों, जिलों, ग्राम पंचायतों, नगरनिगमों/ नगर निकायों, स्कूलों, टीवी शो तथा श्रेष्ठ समाचार पत्रों को भारत सरकार द्वारा सम्मानित किया जाएगा। केन्द्रीय जल शक्ति मंत्रालय के जल संसाधन, नदी विकास और गंगा संरक्षण विभाग ने विभिन्न श्रेणियों के लिए द्वितीय राष्ट्रीय जल पुरस्कार-2019 के तहत 30 नवंबर तक आवेदन आमंत्रित किए हैं। यह पुरस्कार वित्तीय वर्ष 2019-20 के दौरान दिल्ली में एक समारोह के दौरान दिए जाएंगे। एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि केन्द्रीय जल संसाधन, नदी विकास और गंगा संरक्षण विभाग द्वारा जल संरक्षण तथा प्रबन्धन के क्षेत्र में विभिन्न श्रेणियों के लिए गत वर्ष राष्ट्रीय जल पुरस्कार शुरू किए गये थे। इस पुरस्कार के तहत निकायों द्वारा किए गये अच्छे कार्य के सम्मान स्वरूप ट्राफी और प्रशस्ति पत्र दिया जाता है। कुछ श्रेणियों में नकद पुरस्कार भी दिए जाते हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा भी देशभर में जल संरक्षण की आवश्यकता पर बल दिया गया है। जल संरक्षण के लिए प्रधानमंत्री के निदेर्शों तथा विभाग के प्रयासों पर बल देते हुए द्वितीय राष्ट्रीय जल पुरस्कार शुरू किया गया है। इससे जल संरक्षण और प्रबन्धन के क्षेत्र में भागीदारों के प्रयासों को मान्यता मिलेगी, जिससे न केवल उन्हें अपने कार्य जारी रखने के लिए प्रेरणा मिलेगी, बल्कि अन्य निकाय या संस्थाएं भी जल संरक्षण तथा प्रबन्धन के क्षेत्र में बेहतरीन कार्य प्रणालियों को अपनाने के लिए प्रेरित होंगी।
  
यहां से प्राप्त कर सकते हैं अधिक जानकारी
पुरस्कारों के लिए आवेदन फार्म आदि जमा करवाने के लिए केन्द्रीय भूजल बोर्ड को नोडल एजेंसी बनाया गया है। इस सम्बन्ध में और अधिक जानकारी www.mowr.gov.in  या www.cgwb.gov.in  से प्राप्त की जा सकती है।

Post a Comment

0 Comments