सुपर-100 : दूसरे चरण की ट्रेनिंग कल से
पहले चरण में प्रदेशभर से चुने गए हैं 400 विद्यार्थी
चंडीगढ़। हरियाणा स्कूल शिक्षा निदेशालय द्वारा आयोजित सुपर-100 कार्यक्रम के प्रथम चरण का परीक्षा-परिणाम घोषित कर दिया गया है और अब दूसरे चरण के लिए 24 जून,सोमवार से प्रक्रिया शुरू होगी। एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि सुपर-100 कार्यक्रम के लिए 14 जून को प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई थी जिसका परिणाम घोषित कर दिया गया है। प्रवेश परीक्षा के टॉप करीब 400 विद्यार्थियों, जिनमें 200 मैडिकल व 200 नॉन-मैडिकल विद्यार्थियों के लिए अब दूसरे चरण में रेवाड़ी में विकल्प फाऊंडेशन द्वारा तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में भाग लेने के बाद लिए जाने वाले टैस्ट के आधार पर ही अगले चरण के लिए विद्यार्थियों की पात्रता तय की जानी है।
जानें किस जिले के विद्यार्थियों की ट्रेनिंग कब
मैडिकल संकाय से संबंधित अंबाला, भिवानी, चरखी दादरी, फरीदाबाद, गुरूग्राम, झज्जर, जींद, महेंद्रगढ़, नूंह, पलवल, पानीपत, रेवाड़ी, रोहतक व सोनीपत जिला के 100 विद्यार्थियों का प्रशिक्षण कार्यक्रम 24 जून से 26 जून 2019 तक तथा फतेहाबाद, हिसार, कैथल, करनाल, कुरूक्षेत्र, पंचकूला, सिरसा एवं यमुनानगर जिला के 105 विद्यार्थियों का 27 जून से 29 जून 2019 तक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। नॉन-मैडिकल संकाय से संबंधित अंबाला, भिवानी, चरखी दादरी, फरीदाबाद, गुरूग्राम, झज्जर, जींद, महेंद्रगढ़, नूंह, पलवल, पानीपत, रेवाड़ी, रोहतक व सोनीपत जिला के 111 विद्यार्थियों का प्रशिक्षण कार्यक्रम 1 जुलाई से 3 जुलाई तक तथा फतेहाबाद, हिसार, कैथल, करनाल, कुरूक्षेत्र, पंचकूला, सिरसा एवं यमुनानगर जिला के 109 विद्यार्थियों का 5 जुलाई से 7 जुलाई तक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। सभी नोडल अधिकारियों को प्रथम चरण में उतीर्ण विद्यार्थियों को लेकर रेवाड़ी में प्रशिक्षण कार्यक्रम की तिथि से एक दिन पूर्व सायं 3 बजे से लेकर 5 बजे के बीच पहुंचना होगा।


0 Comments