पराली जलाने की घटनाओं पर रोक लगाएं उपायुक्त, मुख्य सचिव ने दिए आदेश
19 नवंबर 2019, 6:47 PM
गौरव सोनी। हरियाणा मीडिया जंक्शन
सिरसा। मुख्य सचिव केशनी आनंद अरोड़ा ने मंगलवार को धान की पराली आगजनी घटनाओं को लेकर वीडियो कॉफ्रेंस के माध्यम से प्रदेश के उपायुक्तों की बैठक ली और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। बैठक में मुख्य सचिव ने जिलेवार पराली आजगनी की समीक्षा की। मुख्य सचिव ने कहा कि धान की फसल की कटाई अंतिम चरण पर है, इसलिए अधिकारी और सजग रह कर कार्य करें। उन्होंने कहा कि राष्टीय हरित प्राधिकरण फसल अवशेष से पर्यावरण को होने वाले नुकसान को लेकर गंभीर है। माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निदेर्शानुसार पराली जलाने वाले व्यक्ति पर तुरंत एक्शन लेते हुए एफआईआर दर्ज करें तथा जुमार्ना लगाएं। उन्होंने कहा कि ड्यूटी में कोताही सहन नहीं की जाएगी। वीडियो कॉफ्रेंस में उपायुक्त अशोक कुमार गर्ग ने बताया कि जिला में आगजनी के घटनाओं के मद्देनजर अबतक 46 व्यक्तियों पर एफआईआर दर्ज की जा चुकी है और 4 लाख 90 हजार रुपये का जुमार्ना लगाया जा चुका है। जिला में पराली प्रबंधन के लिए इस समय 50 बेलर लगे हुए हैं तथा पिछले वर्ष के मुकाबले पराली में इस वर्ष 80 फीसदी कम आग लगी है। इसके अलावा सभी नोडल अधिकारी लगातार अपने-अपने क्षेत्रों पर नजर बनाए हुए हैं। जहां भी आगजनी की घटना सामने आती है, तुरंत संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। इस बैठक में एसडीएम सिरसा जयवीर यादव, एसडीएम डबवाली विनेश कुमार, एसडीएम ऐलनाबाद संयम गर्ग, एसडीएम कालांवाली निर्मल नागर, जिला न्यायवादी दीपक लेगा, डीएसपी राजेश कुमार, सहायक कृषि अभियंता जसविंद्र सिंह चौहान, कृषि विभाग से क्वालिटी कंट्रोल अधिकारी सुखदेव सहित अनेक अधिकारी मौजूद थे।
सिरसा जिला में अभी बाकी है 20 हजार हैक्टेयर धान की कटाई
उपायुक्त ने बताया कि कालांवाली व डबवाली क्षेत्र में लगभग पराली प्रबंधन किया जा चुका है तथा ऐलनाबाद, रानियां व सिरसा क्षेत्र में फसल कटाई व प्रबंधन जारी है। जिला में 20 हजार हैक्टेयर धान की कटाई बाकी है। तत्पश्चात उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर फसल कटाई व प्रबंधन हो चुका है, उन अधिकारियों की ड्यूटियां बचे हुए क्षेत्रों में लगाएं। उन्होंने संबंधित एसडीएम को निर्देश दिए कि नोडल अधिकारियों, सरपंचों व पटवारियों की बैठक लें तथा उन्हें अपने-अपने क्षेत्रों में फसल कटाई तक कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दें।


0 Comments