Hisar Media Junction : सभी विभाग ध्यान दें, जनता के काम में न हो लेट-लतीफी




Delhi Metro Start New Five Projects in Haryanaसभी विभाग ध्यान दें, जनता के काम में न हो लेट-लतीफी


अंत्योदय सरल योजना की समीक्षा के दौरान उपायुक्त अशोक कुमार मीणा ने दिए निर्देश
आमजन को तय समय सीमा में सेवाएं प्रदान करने के निर्देश

हिसार मीडिया जंक्शन
हिसार।
उपायुक्त अशोक कुमार मीणा ने कहा कि सभी विभागों के अधिकारी आमजन को अंत्योदय सरल केंद्रों के माध्यम से मिलने वाली सभी सेवाएं निर्धारित समयावधि में उपलब्ध करवाएं। वे आज जिला सभागाार में आयोजित एक बैठक के दौरान जिला में अंत्योदय सरल केंद्रों के माध्यम से मिलने वाली जन सेवाओं की उपलब्धता की समीक्षा कर रहे थे। उपायुक्त अशोक कुमार मीणा ने कहा कि विभिन्न विभागों की अधिकतर सेवाओं को सेवा का अधिकार के तहत अंत्योदय सरल केंद्रों के माध्यम से आमजन को उपलब्ध करवाया जा रहा है। प्रत्येक सेवा के लिए सरकार द्वारा समय सीमा निर्धारित की गई है। इसलिए सभी अधिकारी अपने विभागों की सेवाओं को तय समय सीमा के भीतर ही आमजन को उपलब्ध करवाएं। उन्होंने अंत्योदय सरल केंद्रों पर आमजन द्वारा किए जाने वाले आवेदनों की संख्या व उनकी पेंडेंसी की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से पेंडेंसी का कारण पूछा और उन्हें निर्देश दिए कि पिछली सभी पेंडेंसी को जल्द से जल्द क्लीयर किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी कार्यालयाध्यक्ष प्रतिदिन कार्यालय में आते ही आरटीआई, आरटीएस, कोर्ट केसिज, मुख्यमंत्री घोषणाओं व सीएम विंडो के मामलों की समीक्षा नियमित रूप से करें और अपने अधीनस्थ कर्मचारियों के माध्यम से इनके समाधान को प्राथमिकता दें। उपायुक्त ने जिला के सभी एसडीएम कार्यालयों, राजस्व विभाग, पंचायत विभाग, श्रम विभाग, दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, खाद्यापूर्ति विभाग, नगर निगम, नगर परिषदों व नगर पालिकाओं की सेवाओं की आमजन तक उपलब्धता की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जिला में सभी एसडीएम अपने अधीन चल रहे सरल केंद्रों पर सुविधाओं का निरीक्षण करें और जहां जिस चीज की कमी हो, वह मुहैया करवाई जाए ताकि आमजन को सेवाएं उपलब्ध करवाने में किसी प्रकार की समस्या न आए। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त अमरजीत सिंह मान, सीटीएम शालिनी चेतल, हांसी एसडीएम विरेंद्र सहरावत, नारनौंद एसडीएम सुरेंद्र कुमार, सीएमजीजीए राधिका hisar dc meeting सिंगल व मोहित कुमार, डीआरओ राजबीर धीमान, डीआईओ एमपी कुलश्रेष्ठद्द, पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डॉ. डीएस सिंधु, एक्सईएन केके गिल, महिला एवं बाल विकास विभाग की कार्यक्रम अधिकारी सुनीता यादव, जिला सांख्यिकीय अधिकारी अमिता चौधरी व जिला कल्याण अधिकारी जगत बिश्रोई सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


सरल केंद्रों पर कम हो वेटिंग टाइम
बैठक के दौरान उपायुक्त ने सरल केंद्रों पर वेटिंग टाइम को कम किये जाने के निर्देश देते हुए कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि यहां आने वाले लोगों को सभी निर्धारित सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार की सभी प्रमुख योजनाओं को क्रियान्वित करने में बिल्कुल कोताही न की जाए। उन्होंने शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में बरसाती पानी की निकासी व साफ-सफाई करवाने के संबंध में भी संबंधित विभागों के अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

Post a Comment

0 Comments