भिवानी : सीवर सिस्टम के सुधार को तैयार होगा मास्टर प्लान

भिवानी : सीवर सिस्टम के सुधार को तैयार होगा  मास्टर प्लान
शिक्षा मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा ने अधिकारियों को दिए निर्देश

मीडिया जंक्शन न्यूज

Jun 25, 2019, 12:15 AM
भिवानी। शिक्षा मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा ने कहा कि अधिकारी सरकार का आईना होते हैं और लोगों को सरकार से बहुत अपेक्षाएं हैं इसलिए अधिकारी लोगों की समस्याओं का निराकरण तत्परता के साथ करना सुनिश्चित करें। उन्होंने भिवानी शहर की सीवरेज व्यवस्था को दुरूस्त करने के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को मास्टर प्लान तैयार करने को कहा। शिक्षा मंत्री प्रो. शर्मा सोमवार को स्थानीय पंचायत भवन में आयोजित जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की मासिक बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने परिवेदना समिति की बैठक में रखे गए विभिन्न विभागों से संबंधित 14 परिवादों की सुनवाई की और अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निपटारा किया।  प्रो. शर्मा ने बैठक में जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिला के पेयजल अभाव वाले गांवों का दौरा कर पीने के पानी की समुचित व्यवस्था की जाए। उन्होंने मवेशियों के लिए भी पीने के पानी का प्रबंध करने के निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि 134ए के तहत किए गए दाखिलों में निजी स्कूल संचालकों द्वारा छात्रों के साथ किसी प्रकार का दुरव्यवहार नहीं किया जाए। इन विद्यार्थियों के साथ परिवहन व शिक्षा के मामले में समान व्यवहार किया जाए। उन्होंने कहा कि 134ए के तहत किसी भी स्कूल में छात्रों के साथ सौतेला व्यवहार किए जाने का मामला सामने आया तो स्कूल संचालक के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। शिक्षा मंत्री ने कहा कि बेटियां हमारे राष्ट्र की शान है, बेटियों के साथ किसी भी प्रकार प्रताडऩा सहन नहीं की जाएगी। लड़कियों के साथ कोई भी अन्याय का मामला सामने आया तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिला के किसी भी क्षेत्र में अतिक्रमण व अवैध कब्जा करने वाले व्यक्यिों के विरूद्ध अधिकारी शीघ्र कार्रवाई करे और नाजायज कब्जे को हटावाए। उन्होंने संजय पुत्र सत्यनारायण गांव हालुवास द्वारा परिवेदना समिति की बैठक में रखे गए अनाज मंडी के आगे हो रहे अतिक्रमण के परिवाद का निपटारा करते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने सुनीता पत्नी नरेन्द्र गांव कासनी कलां की शिकायत पर पुलिस अधीक्षक गंगाराम पुनिया को एएसआई के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए तथा कहा कि मामले की गहनता से जांच करके शिकायत को परिवेदना समिति की अगली बैठक में रखा जाए। उन्होंने बालकृष्ण पुत्र रिछपाल गांव चैहड़ खुर्द द्वारा गावं के सरपंच के फर्जी प्रमाण पत्र की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए दोषी के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

Post a Comment

0 Comments