किसानों व गौशालाओं के लिए खुशखबरी, 50 हजार सौर पंप देने जा रही है सरकार
मीडिया जंक्शन। प्रवीन कम्बोज
चंडीगढ़। हरियाणा सरकार नाबार्ड की सहायता से एक विशेष योजना के तहत 50 हजार सौर-पंप किसानों तथा गौशालाओं को देने जा रही है। इस योजना पर लगभग 1696 करोड़ रुपए खर्च होंगे। नवीन एवं नवीनीकरणीय ऊर्जा व जनस्वास्थ्य मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने बताया कि प्रदेश में इन सोलर पंपों की स्थापना होने पर लगभग 238 मेगावाट हरित ऊर्जा का उत्पादन होगा। इससे न केवल पंप चलाने में प्रयोग होने वाले डीजल की बचत होगी बल्कि डीजल पंप से होने वाले प्रदूषण की रोकथाम भी होगी। उन्होंने कहा कि सबसे सस्ती ऊर्जा प्रदान करना सरकार की प्राथमिकता है। सरकार द्वारा राज्य में लगभग 413 मेगावाट क्षमता की एक सौर ऊर्जा आधारित परियोजनाएं स्थापित की जा चुकी हंै। राज्य सरकार ने 672 मेगा वॉट की सोलर परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की है जिसे इसी वर्ष पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने में सरकार द्वारा कृषि क्षेत्र में प्रदान की जा रही बिजली की सब्सिडी को कम करने के उद्देश्य से करनाल व यमुनानगर जिले में एक-एक पायलट प्रोजेक्ट की रूपरेखा तैयार की गई है। इस योजना के तहत 11 कृषि फीडर का चयन किया गया है जिसमें वर्तमान में कुल 468 बिजली आधारित ट्यूबवेलों को ऊर्जा आधारित ट्यूबवेलों में परिवर्तित किया जाएगा। इन सौर ऊर्जा आधारित टयूबवेलों से जो अतिरिक्त बिजली का उत्पादन होगा उससे किसानों को दिया जाएगा। इस योजना पर लगभग 26 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है।


0 Comments