इजरायल में ड्रिप व फव्वारा से होती है शत-प्रतिशत सिंचाई

इजरायल में ड्रिप व फव्वारा से होती है शत-प्रतिशत सिंचाई 
बागवानी विभाग ने गांव खांडाखेड़ी में किसानों को किया सिंचाई के पानी के सदुपयोग के लिए जागरूक
Hisar Media Junction 
हिसार। इजरायल एक ऐसा देश है जहां नाममात्र पानी उपलब्ध है और वहां शत-प्रतिशत खेती ड्रिप व फव्वारा सिंचाई से की जाती है। इसके माध्यम से खेती करके वहां के किसान न केवल गुणवत्तापूर्ण फल व सब्जियों की पैदावार ले रहे हैं बल्कि वे दूसरे देशों में इनका निर्यात भी करते हैं।यह बात बागवानी विभाग के उप निदेशक डॉ. आत्म प्रकाश ने गांव खांडाखेड़ी में प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत आयोजित पर ड्रॉप-मोर क्रॉप जागरूकता शिविर में मौजूद किसानों को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने खेती में पानी के उचित इस्तेमाल व कम पानी से अधिक भूमि की सिंचाई के संबंध में किसानों को विस्तार से जानकारी देते हुए प्रदेश सरकार द्वारा बनाई गई योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।उन्होंने कहा कि इजरायल में बारिश बहुत कम होती है जिससे वहां पानी की काफी कमी है, इसलिए वहां के किसान पानी के महत्व को समझते हैं। हमारे यहां भी किसानों को पानी का महत्व समझना चाहिए क्योंकि यहां भी पानी की निरंतर कमी होती जा रही है। उन्होंने कहा कि सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली को बढ़ावा देने तथा किसानों को इसके बारे में जागरूक करने के लिए इस प्रकार के जागरूकता शिविर बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।विषय विशेषज्ञ डॉ. श्रवण ने बताया कि उद्यान विभाग के माध्यम से टपका सिंचाई संयंत्र लगवाने के लिए सरकार द्वारा लघु एवं सीमांत किसानों के लिए 70 प्रतिशत, बड़े किसानों के लिए 60 प्रतिशत एवं अनुसूचित जाति के किसानों के लिए 85 प्रतिशत अनुदान दिया जा रहा है। यह तकनीक लगाने से पानी की बचत तो होती ही है, साथ ही खाद, दवाई, बिजली एवं मजदूरी की भी बचत होती है। उन्होंने बताया कि भविष्य में पानी की बचत हेतु सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली को अपनाना किसानों के लिए बहुत आवश्यक है।सहायक भूमि संरक्षण अधिकारी डॉ मुकेश शर्मा ने किसानों को विभाग की योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि किसान ड्रिप एवं फव्वारा प्रणाली के लिए अनुदान लेने हेतु भूमि संरक्षण विभाग में भी आवेदन कर सकते हैं और सब्सिडी का लाभ उठा सकते हैं। इस अवसर पर खंड कृषि अधिकारी डॉ. जागेराम ने किसानों को कृषि एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर उद्यान विकास अधिकारी डॉ. कृष्ण नैन ने उद्यान विभाग द्वारा चलाई जा रही स्कीमों के बारे में किसानों को विस्तार से बताया। उन्होंने किसानों को ज्यादा से ज्यादा संख्या में सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने किसानों को फल, फूल व सब्जी की खेती को अपनाने पर भी बल दिया ताकि उनकी आमदनी बढ़ सके। इस अवसर पर उद्यान विकास अधिकारी डॉ. राजेंद्र सिंह लाठर, कृषि विकास अधिकारी डॉ. अनुराग सांगवान, उद्यान विकास अधिकारी विक्रम सिंह एवं कई कंपनियों के प्रतिनिधियों व बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे। 

Post a Comment

0 Comments