हांसी के इस गांव में 20 साल बाद पूरा होने जा रहा है स्वच्छ पेयजल का सपना
वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने उमरा में 4.30 करोड़ की पेयजल परियोजना का किया शिलान्यास
11 अगस्त 2019, 12:32 PM
संदीप कम्बोज। मीडिया जंक्शन
हांसी। पिछले दो दशक से स्वच्छ पेयजल की बाट जोह रहे उमरा के ग्रामीणों का सपना अब साकार होने वाला है। वित्त एवं राजस्व मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने आज गांव उमरा में 4.30 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली पेयजल परियोजना का शिलान्यास कर दिया। इस परियोजना के माध्यम से ग्रामीणों को भाखड़ा नहर का पानी मिल सकेगा और उन्हें भूमिगत पानी पीने को मजबूर नहीं होना पड़ेगा। परियोजना का शिलान्यास करने गांव उमरा पहुंचे वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु का ग्रामीणों ने भव्य स्वागत व अभिनंदन किया। हिसार लोकसभा निगरानी समिति के चेयरमैन प्रो. मंदीप मलिक द्वारा गांव के राजकीय विद्यालय में आयोजित अभिनंदन समारोह में 20 वर्ष पुरानी मांग पूरी होने पर ग्रामीणों ने कैप्टन अभिमन्यु का आभार जताया। वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि स्वच्छ पेयजल जीवन की पहली जरूरत होती है। इस परियोजना के माध्यम से धमाना माइनर से भाखड़ा का पानी 8 किलोमीटर लंबी पाइप लाइन के माध्यम से गांव के जलघर तक पहुंचेगा। जल्द ही परियोजना पर कार्य शुरू हो जाएगा तथा 6 महीने से पहले इसका उद्घाटन कर दिया जाएगा। इसके साथ ही गांव में प्रति व्यक्ति 70 लीटर पेयजल की प्रतिदिन आपूर्ति की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह ईश्वरीय कार्य करने का सौभाग्य मुझे मिला, इसके लिए मैं ग्रामीणों का आभारी हूं। कार्यक्रम संयोजक प्रो. मंदीप मलिक ने कहा कि उमरा के लोगों ने कभी सोचा भी नहीं था कि भाखड़ा का पानी गांव में आएगा। इसके लिए हम पिछले 20 साल से लड़ाई लड़ रहे थे लेकिन जब इस समस्या के बारे ने वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु को बताया तो उन्होंने 2 साल में होने वाले काम को 3 महीने में ही मंजूर करवा दिया। इसके लिए उन्होंने पूरे गांव की ओर से वित्तमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि 4.30 करोड़ रुपये की इस परियोजना के कारण जल्द ही ग्रामीणों को खारे पानी से मुक्ति मिलेगी। गांव की सीमा से लगभग 250 मोटरसाइकिल सवार युवाओं का काफिला वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु को कार्यक्रम स्थल तक लाया। वित्तमंत्री ने राजकीय विद्यालय में त्रिवेणी लगाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। सातबास के प्रधान मा. किताब सिंह व सूबेदार रामकुमार ने वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु को पगड़ी पहनाकर उनका अभिनंदन किया। वित्तमंत्री ने माउंट एवरेस्ट विजेता मनीषा पायल व अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी गांव की बेटी पूनम मलिक सहित अन्य प्रतिभाशाली बच्चों को सम्मानित किया। इस अवसर पर युवा भाजपा नेता अजय सिंधू, पूर्व मंत्री अत्तर सिंह सैनी, साहिल भयाणा, सरपंच पवन कुमार, राजेंद्र लांबा, गायत्री यादव, प्रेम वर्मा, अशोक कनोजिया, बलराज लोहान, राजेश ठकराल, राजपाल सिंघवा, संजय खरब, एडवोकेट सुशील खरब, एक्सईएन जसवंत सिंह, मनोज ओला, पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डॉ. डीएस सिंधू, लवकेश टुटेजा, जयवीर माजरा, सुशील उगालन सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता व गणमान्य लोग मौजूद रहे।
ग्रामीणों से सच्चे लोकतंत्र की स्थापना की अपील
कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि अब हरियाणा की जनता राजनीतिक तौर पर काफी जागरूक हो चुकी है। जनता ने पिछले लोकसभा चुनाव में सभी 10 सीटें भाजपा की झोली में डालकर यह संदेश दे दिया है कि अब हमारे बच्चे चौथी पीढ़ी की गुलामी नहीं करेंगे। अब लोगों की खुद्दारी व स्वाभिमान जाग चुका है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि अब तोड़ दो इन गुलामी की जंजीरों को और राजशाही को तिलांजलि देकर स्थापना करो सच्चे लोकतंत्र की।
जात-पात की राजनीति में नहीं फंसेगा हरियाणा
वित्त मंत्री ने कहा कि अब हरियाणा जात-पात की राजनीति में नहीं फंसेगा। परिवारवादी पार्टियां आज अपने ही बोझ से बिखर रही हैं। जो नेता आज आपस में लड़ रहेहैं वे हरियाणा की भलाई के लिए नहीं लड़ रहे हैं, न उनकी लड़ाई युवाओं के रोजगार अथवा बेटियों की सुरक्षा के लिए है, वे तो अपने खुद के स्वार्थ और कुर्सी के लिए आपस में लड़ रहे हैं। ऐसे लोग हरियाणा और यहां की जनता को क्या भला करेंगे, यह हम सब जानते हैं। वित्तमंत्री ने कहा कि जनता की दी गई शक्ति के कारण ही आज केंद्र सरकार के लिए अनुच्छेद 370 को हटाना संभव हो सका है। जनता के आशीर्वाद से अब ये देश पीछे नहीं हटेगा बल्कि आगे ही बढ़ेगा।

0 Comments