नई नहीं है हरियाणा की जेलों में खूनी भिड़ंत की कहानी, पहले भी कई दफा भिड़ चुके कैदी गुट
2 अगस्त 2019, 9:38 AM
संदीप कम्बोज। मीडिया जंक्शन
हिसार।अभी कुछ दिन पूर्व ही अम्बाला जेल में हुई खूनी भिड़ंत के बाद अब हिसार सेंट्रल जेल-2 में वीरवार सुबह करीब 9.30 बजे कैदियों के दो गुटों के बीच हुई खूनी भिड़ंत में एक कैदी की हत्या किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। जेल में हुई इस वारदात के बाद से जेल प्रशासन पर सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं। यह कोई नई घटना नहीं है हरियाणा की जेलों में इससे पूर्व भी कैदियों के बीच कई ऐसी खूनी झड़पें हो चुकी हैं जिनमें दर्जनों कैदी जख्मी हो चुके हैं। हिसार सेंट्रल कारागार में ही इसी साल 14 फरवरी 2019 को एक कैदी ने दूसरे कैदी पर ब्लेड से हमला बोल दिया था। यही नहीं अभी कुछ दिन पूर्व ही अम्बाला सैंट्रल जेल में तो कैदियों के बीच जमकर खूनी महाभारत हुई थी। यहां कैदियों के दो गुट इस कदर भिड़े कि एक-दूसरे पर जमकर र्इंट-पत्थर बरसाए गए थे। इसके अलावा प्रदेश की अन्य जेलों जैसे फरीदाबाद की नीमका जेल, सिरसा जेल, गुरुग्राम स्थित भौंडसी जेल व कुरुक्षेत्र जिला जेल में भी कैदी गुटों के बीच भिड़ंत हाक चुकी है जिनमें कई कैदी लहूलुहान भी हुए।अब सवाल उठता है कि हरियाणा की जेलों की सुरक्षा आखिर किसकी जिम्मेदारी है, जेलों में कैदियों तक हथियार आखिर कैसे पहुंच रहे हैं। आखिर जेलों में यह खूनी भिड़ंत कब तक चलती रहेगी। इसे कैसे रोका जाए, इस पर केवल मंथन ही नहीं बल्कि ठोस रणनीति बनाए जाने की जरूरत है ताकि जेलों में दोबारा ऐसी विभत्स घटनाओं की पनरावृति हो।
हिसार सेंट्रल जेल-2 मैं कैसे पहुंचे नुकीले हथियार
जेल प्रशासन द्वारा से मिली जानकारी मुताबिक जेल में विनोद पानू उर्फ काना गैंग के साथियों व बच्ची गैंग (जिला फतेहाबाद) के साथियों का आपस में झगड़ा हो गया। इस झगड़े में फतेहाबाद के सरदारेवाला गांव के कैदी रविंद्र (33) पुत्र सुखविंद्र पर हमला कर दिया गया। उसे नुकीले हथियार से उस पर वार किए गए। आरोपियों ने 2 वार रविंद्र की छाती पर, 3 कंधे पर, 1 सिर पर, 1 आंख के नीचे किए जिस वजह से वह गंभीर रुप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। इसके अलावा पंजाब के मानसा जिले के कैदी तेवेंद्र पुत्र गुरदीप व फतेहाबाद के हुनरवाला का कैदी हरजिंद्र भी घायल हो गया। उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मृतक कैदी रविंद्र 138/16 एनडीपीएस एक्ट में 15 साल की सजा काट रहा था। हिसार के आजाद नगर थाना की पुलिस मामले में कार्रवाई कर रही है।
हरियाणा की जेलों में कब-कब हुई खूनी भिड़ंत
1 अगस्त 2019 : हिसार केंद्रीय कारागार-2 में कैदी गुटों के बीच भिड़ंत में गई एक की जान
27 जुलाई 2019 : अम्बाला जेल में हैपेटाईटिस-सी से दो कैदियों की मौत
12 जुलाई 2019 : अम्बाला जेल में गैंगवार, जमकर चले र्इंट-पत्थर, 80 कैदी घायल
14 फरवरी 2019 : हिसार सेंट्रल जेल में बंद एक कैदी ने ब्लेड से दूसरे कैदी पर किया हमला
27 अगस्त 2018 : गुरुग्राम की भौंडसी जेल में गैंगेस्टरों के गुर्गे भिड़े, एक की हालत गंभीर
4 सितंबर 2017 : अम्बाला जेल में बंद लाडवा निवासी डेरा प्रेमी ने की आत्महत्या
21 फरवरी 2017 : फरीदाबाद की नीमका जेल में कैदी गुटों के बीच झगड़ा
27 अक्तूबर 2015 : कुरुक्षेत्र जिला जेल में कैदियों के बीच भिड़ंत में दो कैदी गंभीर रूप से घायल
22 फरवरी 2013 : सिरसा जेल में कैदियों के बीच हिंसक झगड़े में सात कैदी गंभीर रूप से घायल


0 Comments