अब एक और इनेलो विधायक ने बदला पाला, भाजपा में शामिल 




2 अगस्त 2019, 9:56 AM  
मीडिया जंक्शन न्यूज
चंडीगढ़। जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं, वैसे-वैसे राजनेताओं का पाला बदलने का खेल भी तेज होता जा रहा है। अब एक बार फिर इंडियन नेशनल लोकदल को तगड़ा झटका लगा है। वीरवार को रतिया विधायक रविंद्र बलियाना ने सीएम मनोहर लाल व प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला की मौजूदगी में इनेलो को बाय-बाय कर भाजपा का दामन थाम लिया। बीती जून महीने में इनेलो के नूंह से विधायक जाकिर हुसैन और जींद के जुलाना से विधायक परमिंदर सिंह ढुल, विधायक रणबीर गंगवा भाजपा में शामिल हुए थे। रोहतक के जिलाध्यक्ष व राष्ट्रीय प्रवक्ता सतीश नांदल भी भाजपा में शामिल हुए थे। सितंबर में पार्टी के तत्कालीन सांसद दुष्यंत चौटाला और उनके भाई दिग्विजय चौटाला को निष्कासित किए जाने के बाद उन्होंने अपनी नई जननायक जनता पार्टी बनाई। इसके बाद हुए नगर निगम मेयर चुनाव हो या फिर जींद उपचुनाव और लोकसभा चुनाव, सभी में इनेलो कमजोर साबित हुई और लोकसभा में उसका एक भी प्रत्याशी जमानत तक नहीं बचा पाया। ऐसे में उसके विधायकों का मोहभंग होना शुरू हो गया।  2014 में हुए विधानसभा चुनाव में इनेलो 19 सीटें जीतकर हरियाणा विधानसभा में पहुंची थी। अभय चौटाला नेता प्रतिपक्ष बने थे। 2019 में इनेलो के जींद से विधायक हरिचंद मिड्ढा और पिहोवा जसविंद्र संधू की मौत हो गई। इसके बाद चौटाला परिवार में विवाद शुरू हो गया। दुष्यंत, दिग्विजय, अजय चौटाला को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया।