हरियाणा : सरकार ने मांगा है गांवों में स्वरोजगार शुरु करने वालों का डाटा
25 अगस्त 2019, 9:23 PM
हरियाणा मीडिया जंक्शन
चंडीगढ़। हरियाणा की मुख्य सचिव श्रीमती केशनी आनन्द अरोड़ा ने केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री लघु व्यापारी मान-धन योजना को लागू करने के लिए श्रम, आबकारी एवं कराधान विभाग, शहरी स्थानीय निकाय विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे लघु, सुक्ष्म व मध्यम उद्योग, छोटे दुकानदारों और स्ट्रीट वेंडर्स का डाटा शेयर करें ताकि पात्र व्यक्तियों को इस योजना से लाभान्वित किया जा सके। श्रीमती अरोड़ा ने लघु व्यापारी मानधन योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिला स्तर पर अतिरिक्त जिला उपायुक्त की अध्यक्षता में कमेटियां बनाई जाएं और सभी विभाग जो इस योजना से संबंध रखते हैं उनके नोडल अधिकारी इस कमेटी में शामिल किए जाएं। उन्होंने ग्रामीण विकास विभाग को भी निर्देश दिए कि गांवों में स्व-रोजगार शुरू करने वाले व्यक्तियों का डाटा भी सांझा किया जाए ताकि इस योजना का लाभ उन व्यक्तियों को मिल सके।मुख्य सचिव ने यह भी निर्देश दिए कि इस योजना का प्रचार-प्रसार किया जाए। इसके लिए पैम्फलेट छपवाकर सामान्य सेवा केंद्रों व ग्राम सचिवालय के नोटिस बोर्ड पर लगाए जाएं। लघु, सुक्ष्म व मध्यम उद्योग की एसोसिएशन को इस योजना के मानदंड और योग्यता से अवगत करवाया जाए।


0 Comments