हरियाणा : 50 हजार किसानों को 75 फीसद सब्सिडी पर मिलेंगे सोलर पंप


06 सितंबर 2019, 07:32 PM
हरियाणा मीडिया जंक्शन न्यूज
हिसार। प्रदेश के 50 हजार किसानों को 3 एचपी से 10 एचपी क्षमता के सोलर पंप 75 प्रतिशत सब्सिडी पर उपलब्ध करवाए जाएंगे। इसके प्रथम चरण में 15 हजार सोलर पंप वितरित करने के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। किसान 30 सितंबर तक आॅनलाइन आवेदन कर सकते हैं। नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विभाग के परियोजना अधिकारी ने बताया कि किसानों को कम लागत में बेहतर सिंचाई सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए प्रदेश सरकार ने 50 हजार किसानों को 3 एचपी से 10 एचपी क्षमता के सोलर पंप 75 प्रतिशत सब्सिडी पर प्रदान किए जाएंगे। इसके लिए वही किसान पात्र होंगे जिन्होंने सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली के लिए भूमिगत पाइप लाइन लगाई हो अथवा लगाने के लिए सहमत हो। उन्होंने बताया कि आॅनलाइन आवेदन के लिए आवेदक को अपना मोबाइल नंबर लिंक सहित आधार कार्ड, कृषि भूमि की जमाबंदी, खेत में स्थापित सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली जैसे टपका, फव्वारा सिंचाई या भूमिगत पाइपलान का प्रमाण पत्र तथा खेत में बनाए गए टैंक का प्रमाण पत्र जमा करवाना होगा। उन्होंने बताया कि आवेदक हरियाणा सरकार के सरल पोर्टल सरल हरियाणा डॉट जीओवी डॉट इन पर आॅनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि इच्छुक किसान 30 सितंबर तक इस योजना के तहत आवेदन कर सकते हैं।