हरियाणा : मेवात में फैलता है सबसे ज्यादा मलेरिया, 60 से 70 फीसद मलेरिया पोजिटिव अकेले मेवात से
हरियाणा स्वास्थ्य विभाग ने शुरु किया मलेरिया मुक्त मेवात अभियान
2.60 लाख लोगों के स्वास्थ्य की जांच एवं किया जाएगा उपचार
05 सितंबर 2019, 08:59 PM
हरियाणा मीडिया जंक्शन। संदीप कम्बोज
चंडीगढ़/हिसार। जहां एक ओर केन्द्र सरकार ने देश को 2030 तक पूर्णत: मलेरिया मुक्त बनाने का लक्ष्य रखा है वहीं हरियाणा सरकार ने राज्य को वर्ष 2022 तक मलेरिया मुक्त हरियाणा बनाने का लक्ष्य रखा है। परिणामस्वरूप राज्य में मलेरिया की स्थिति में वर्ष 2015 की तुलना में काफी कमी दर्ज की गई है। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया किवर्ष 2015 में राज्य में मलेरिया के 9308 मामले सामने आए थे, जिनमें से 6380 केस केवल मेवात क्षेत्र में दर्ज किए गए थे। उन्होंने कहा कि राज्य के यह आंकड़े वर्ष 2018 में घटकर लगभग एक तिहाई 3154 रह गए थे, जबकि मेवात क्षेत्र में करीब 64 प्रतिशत कम होकर मलेरिया के लगभग 1968 मामले दर्ज किए गए, जोकि एक बड़ी उपलब्धि है। यह अभियान इस दिशा में ओर अधिक कारगर साबित होगा और राज्य एवं मेवात को मलेरिया से पूरी तरह मुक्ति मिलेगी। उन्होंने बताया कि मलेरिया के लगभग 60 से 70 प्रतिशत मामले मेवात क्षेत्र से पाए जाते हैं। इस अवसर पर स्वास्थ्य ने मलेरिया मुक्त मेवात अभियान का भी शुभारम्भ किया। इसके तहत मेवात के करीब 2.60 लाख लोगों के स्वास्थ्य की जांच एवं उपचार किया जाएगा। मलेरिया से सर्वाधिक प्रभावित चार सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों उजीना, सुदका, बाई तथा नूहं का चयन किया गया है, जिनमें विशेष तौर पर ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि केन्द्रों के अन्तर्गत आने वाले सभी गांवों में सघन जांच एवं चिकित्सा अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत मेवात क्षेत्र में करीब 2 लाख कीटनाशक मच्छरदानियां भी बांटी जाएगी ताकि मच्छरों से लोगों को सुरक्षित रखा जा सकें। स्वास्थ्य मंत्री ने कार्यक्रम के दौरान मेवात के लाभार्थियों को मच्छरदानियां वितरित की। अतिरिक्त मुख्य सचिव राजीव अरोड़ा ने बताया कि इस अभियान की सफलता के लिए 80 टीमों का गठन किया गया है, जोकि घर-घर जाकर प्रत्येक व्यक्ति के स्वास्थ्य की जांच करेंगी। इसके त्वरित परिणामों के लिए आरडीटी किट का प्रयोग किया जाएगा तथा मलेरिया से पीड़ित व्यक्ति का तुरन्त उपचार किया जाएगा। इसके साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में फोगिंग एवं फोकल स्पे्र किया जाएगा। इसके अलावा लोगों को जागरूक करने की भी विशेष व्यवस्था की जाएगी।


0 Comments