भाजपा से उब चुकी हरियाणा की जनता, 24 को बनेगी कांग्रेस की सरकार : डा. ऋषि बिश्नोई
13 अक्तूबर 2019, 8:58 AM
हरियाणा मीडिया जंक्शन न्यूज
हिसार। हिसार अखिल भारतीय सोनिया गांधी एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ ऋषि बिश्नोई ने कहा कि भाजपा विकास के नाम पर जनता को बरगलाने का काम कर रही है अगर विकास की बात की जाए तो कहीं भी विकास नहीं हुआ। भाजपा नेता हिसार में इन्टरनेशनल एयरपोर्ट चलाने की बात करते हैं अब स्थिति यह है कि यहां से कोई जहाज तक नहीं उड़ रहा है। भाजपा ने एयरपोर्ट के नाम पर जनता को बरगलाने व उनकी आंखों में धूल घोंकने का काम किया है। हरियाणा के शहरों के अन्दर सड़कों पर लगभग 2 लाख आवारा पशु घूम रहे हैं परन्तु सरकार इन आवारा पशुओं पर कोई रोक नहीं लगा सकी है और इन आवारा पशुओं की वजह से अनेक बुजुर्ग व बच्चों की मौतें भी हो चुकी हैं। डॉ ऋषि बिश्नोई ने कहा कि मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक बार-बार यह कह रहे हैं कि हमने देश को खुले में शौच मुक्त कर दिया है परन्तु गांव व शहरों में अनेक स्थानों पर औरतें व बच्चे बाहर शौच करते नजर आ रहे हैं। सफाई व्यवस्था का बुरा हाल है। गांवों में सफाई व्यवस्था का कोई उचित प्रबन्ध नहीं है। चारों तरफ कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। हरियाणा में बेरोजगारी की भरमार है। पिछले दिनों हाल ही में 4800 क्लर्क की परीक्षा के लिए 15 लाख आवेदन किया था और परीक्षा देने वाले अभ्यार्थियों को लगभग 300 किलोमीटर दूर परीक्षा देने जाना पड़ा जिससे कई की मौत भी हुई और जो व्यवहार महिलाओं के साथ किया गया जिसमें महिलाओं के नाक के कोके, हाथों की चूड़ियां व माथे की बिन्दी भी उतरवा दी गई जोकि नारी शोषण एवं बीजेपी की मानसिकता को दशार्ता है। डॉ ऋषि बिश्नोई ने कहा कि हरियाणा के ग्रामीण इलाकों में पानी व बिजली की भारी कमी है। गांवों में 24 घंटे में से 14 घंटे ही बिजली मिल रही है। पीने का पानी भी सप्ताह में 2 बार ही आता है जिससे ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। व्यापारी, किसान, आम आदमी हर वर्ग भाजपा से परेशान है। हरियाणा की जनता अब भारतीय जनता पार्टी की सरकार से उब चुकी है। इसलिए हरियाणा विधानसभा चुनावों में लोग कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशियों को ज्यादा से ज्यादा वोट देकर विजयी बनाएंगे और 24 अक्तूबर को कांग्रेस सरकार बनाएगी।


0 Comments