विरोधियों को करारा सबक सिखाएगी आदमपुर की जनता : कुलदीप बिश्नोई
हरियाणा मीडिया जंक्शन न्यूज । 13 अक्तूबर 2019, 9:23 AM
आदमपुर। केन्द्रीय कांग्रेस कार्यसमिति सदस्य एवं आदमपुर से कांग्रेस प्रत्याशी कुलदीप बिश्नोई ने गत दिवस कोहली, खासा महाजन, खासा ढाणी, सारंगपुर, खैरमपुर, भाणा, महलसरा, मोठसरा, असरावा, जगान, फ्रांसी एवं कालीरावण में ग्रामीण चौपालों को संबोधित करते हुए 21 अक्तूबर को अपने-पराए की पहचान करते हुए कांग्रेस के पक्ष में एक-एक वोट डालने का आह्वान किया। गांवों में पहुंचने पर टै्रक्टरों, मोटरसाईकिलों के काफिलों, डोल नगाड़ों, फूलमालाओं, पगडिय़ों, मिठाईयों से उनका जोरदार स्वागत हुआ। ग्रामीण चौपालों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यह चुनाव कोई साधारण चुनाव नहीं है। 50 सालों के आपसी विश्वास और भाईचारे का चुनाव है। इतने सालों से जो आपका और हमारा पारिवारिक रिश्ता है, वह पीढिय़ों की मेहनत से बना है। विरोधी तमाम षडयंत्र करके हमारे और आपके रिश्ते को तोड़ना चाहते हैं, लेकिन आदमपुर हलके की जागरूक जनता विरोधियों को करारा सबक सिखाएगी। कुलदीप बिश्नोई ने ग्रामीणों को एकजुटता का आह्वान करते हुए कहा कि आदमपुर तो मेरा परिवार है और अपने परिवार के हितों के लिए सदैव उन्होंने ईमानदारी से संघर्ष किया है, विपक्ष में रहने के बावजूद सार्वजनिक और लोगों के निजी तौर पर काम करवाने के प्रयास किए। विधानसभा से लेकर हर मंच पर हलके की आवाज को बुलंद किया। चौ. भजनलाल ने अपने शासनकाल में हलके के सभी गांवों में पीने के पानी तथा सिंचाई पानी के लिए डिग्गियों, वाटर वर्क्स, नहरों, रजबाहों का निर्माण करवाया। जिस आदमपुर में रेत के टिलों में धूल उड़ा करती थी, वहां पर नहरें बनवाई और महीने में तीन-तीन सप्ताह पानी चलाया, जिस वजह से बंजर भूमि पर हरियाली लहलहाई। उनके शासनकाल में किसान समृद्ध हुए। शिक्षा की लौ जलाने के लिए आदमपुर में आईटीआई, कॉलेज, हर गांव में 8वीं, 10वीं तक स्कूलों का निर्माण करवाया। एक-एक घर में दो-दो, तीन-तीन लोगों को रोजगार दिया। पिताजी हमेशा मुझे एक बात कहते थे कि आदमपुर मेरे लिए मेरा परिवार है और इसका हमेशा ख्याल रखना। उनके इसी वाक्य को उन्होंने हमेशा याद रखा और आदमपुर के मान-सम्मान पर कभी आंच नहीं आने दी। कभी अपने दामन पर कोई ऐसा दाग नहीं लगने दिया, जिससे आदमपुरवासियों का सिर नीचे हो। विपक्षी पार्टियों से जुड़े लोग हमारे और आपके पारिवारिक रिश्ते को कमजोर करने के लिए साजिशें रच रहे हैं। सोशल मीडिया के माध्यम से उनके खिलाफ भ्रामक प्रचार अभियान चलाया जा रहा है। यह भाजपा की रणनीति रही है कि झूठी एवं भ्रामक बातें इतनी ज्यादा फैला दो, जिससे युवा गुमराह हो जाए, लेकिन आदमपुर हलके की जागरूक एवं महान जनता किसी बहकावे में नहीं आएगी और अपने घर को पहले से भी ज्यादा मजबूत करके विरोधियों को सबक सिखाएगी। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।


0 Comments