आपके स्नेह, अपनेपन व भरोसे के लिए शुक्रिया



आपके स्नेह, अपनेपन व भरोसे के लिए शुक्रिया

प्रिय पाठकों ! आपके पसंदीदा वैब पोर्टल https://www.haryanamediajunction.online/ ने आज 110 दिन का सुहाना सफर सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया है। ‘मिशन डिजिटल इंडिया-विजन डिजिटल मीडिया’ का लक्ष्य लेकर चल रहे हरियाणा के इस पहले रजिस्टर्ड वेब पोर्टल के लिए आपने जिस तरह से बेइंतहा प्यार और अपनापन दिखाया है, उसकी बदौलत आज ‘हरियाणा मीडिया जंक्शन’ ने 1 लाख पाठकों/विजीटर्स का आंकड़ा पार कर लिया है। यह सब आपके भरोसे की बदौलत ही संभव हो पाया है जो आप पहले दिन से ही दिखाते आ रहे हैं। हमारी कोई व्यापारिक लालसा नहीं है और न ही हमें किसी से कोई प्रतिस्पर्धा करनी है। हमारा मकसद सिर्फ और सिर्फ आप तक डिजिटल माध्यम से पल-पल की अपडेट देना है वो भी पूर्णतया नि:शुल्क। हम चाहते हैं कि आपको आज के समाचार के लिए कल तक इंतजार न करना पड़े। आज की ताजा अपडेट आपको आज ही आपके व्हाट्सअप इनबोक्स में व वेब पोर्टल पर मिलती रहे। हमारा मकसद मिशन डिजिटल इंडिया का सपना साकार करना है, हमारा मकसद आप तक हर उस सरकारी योजना की जानकारी पहुंचाना है जो आपके लिए बनी है और जानकारी के अभाव में आप उसका लाभ लेने से वंचित रह जाते हैं। हमारा मकसद आप तक सही व सटीक जानकारी पहुंचाना है, हमारा मकसद आपको हर पल जागरूक करना है। हमारा मकसद आपको सोशल मीडिया पर वायरल होने वाली झूठी खबरों से सचेत करना है। हमारा मकसद आपको जागरूक कर अपराधियों के चंगुल में फंसने से बचाना है। हमारा मकसद भ्रष्टाचार पर प्रहार है। हम हर उस भ्रष्टाचारी की पोल खोलने का प्रयास करेंगे जो किसी भी तरीके से सरकारी खजाने का दुरुपयोग कर चपत लगा रहा है, चाहे वह क्लर्क, बाबू, चौकीदार है या फिर अपने आप में कितना ही बड़ा सफेदपोश या फन्ने-खां। आपको जानकर प्रसन्नता होगी कि ‘हरियाणा मीडिया जंक्शन’ में प्रकाशित कुछ समाचारों पर सरकार ने सख्त एक्शन लेते हुए कार्रवाई भी की है। याद है ना हरियाणा रोडवेज की बस में कंडक्टर की गंदी करतूत वाली खबर। व्यापारिक लालसाओं से दूर व लीक से हटकर हम हर उस समाचार को प्रमुखता से प्रकाशित कर रहे हैं जिसका सीधा ताल्लुक आपके घर-परिवार, गांव, शहर, देश-प्रदेश के विकास व भविष्य की योजनाओं से है। नशाखोरी, अंधविश्वास व तमाम सामाजिक कुरीतियों के जड़ से खात्मे व समाज में विस्मृत होते जा रहे नैतिक मूल्यों को पुनर्जीवित करना भी हमारा मकसद है।
13 जून 2019 को ‘हरियाणा मीडिया जंक्शन’ ने इस वायदे के साथ शुरुआत की थी कि हम अपने सुधी पाठकों को व्हाटॅसअप इनबोक्स में ही डिजिटल रूप में समाचार उपलब्ध कराएंगे। आप सबके सहयोग से हम अपने वायदे को पूरा करने में कामयाब रहे हैं। हमें नाज है हमारे पाठकों पर जो हर मुद्दे पर उठी ‘हरियाणा मीडिया जंक्शन’ की आवाज के साथ अपनी आवाज मिलाते आ रहे हैं। हमें फख्र है कि हमारा सुधी पाठक भी इस स्वर्णिम व यादगार सुहाने सफर में एक आईना बनकर, एक दोस्त और एक गाइड का रोल निभाता आ रहा है। यह आपकी हौसला आफजाई का ही नतीजा है कि करीब 4 माह पहले हमने डिजिटल मिडिया के सपने को साकार करने का संकल्प लिया था, वह अब रफ्तार पकड़ चुका है। वेब पपोर्टल पर रोजाना 6 हजार से भी अधिक नए विजीटर्स जुड़कर समाचार पढ़ रहे हैं। इसके लिए समस्त सुधी पाठकों/फालोअर्स का तहेदिल से शुक्रिया।
प्रिय पाठकों ! हमारा प्रयास है कि निष्पक्षता, विश्वसनीयता और निडरता के साथ हम आपको हर वह जानकारी दें, जिसकी आप हमसे अपेक्षा रखते हैं । आपकी पसंद हमारे लिए सर्वोपरी है। आप सबके प्यार से ही वेब पोर्टल लगातार तेजी से बढ़ रहा है। इस विश्वास पर खरा उतरने के लिए हम हर समय तत्पर रहते हैं और रहेंगे। आप वेब पोर्टल में कुछ बदलाव चाहते हैं या रोजाना कुछ स्पेशल पाठ्य सामग्री चाहते हैं तो आप हमें अपनी राय दे सकते हैं। हम आपको विश्वास दिलाते हैं कि ‘हरियाणा मीडिया जंक्शन’ आपके इस भरोसे को आगे भी इसी तरह से कायम रखेगा। हमें उम्मीद है कि आपका भरोसा हमें ज्यादा सजग, जिम्मेदार और निष्पक्ष बनाए रखेगा।
संदीप कम्बोज
मुख्य संपादक 


Post a Comment

0 Comments