करनाल : निसिंग उपतहसील में 10 दिन से बंद हैं रजिस्ट्रीयां, नायब तहसीलदार पर भड़के लोग

करनाल : निसिंग उपतहसील में 10 दिन से बंद हैं रजिस्ट्रीयां, नायब तहसीलदार पर भड़के लोग






रिंकू गोंदर। हरियाणा मीडिया जंक्शन 
8 नवंबर 2019, 7:26 PM
निसिंग। कस्बे की उपतहसील में बीते करीब दस दिनों से रजिस्ट्रीयां न होने से गुस्साए लोगों ने आज नायब तहसीलदार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की। शुक्रवार को रजिस्ट्री डे पर जब लोग रजिस्ट्री करवाने पहुचे तो कर्मचारियों ने उन्हें इंटरनेट न चलने बारे कहा जिस पर भड़क गए। उन्होंने तुंरत तहसील परिसर में नायब तहसीलदार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर अपनी भड़ास निकाली। क्षेत्रवासी सूरजभान सांभली, सुरेंद्र करनाल, जय प्रकाश, सुनील कुमार, मोनू, संदीप भारद्वाज, मेहरसिंह व रामकुमार का कहना था कि बीते करीब डेढ़ माह से तहसील में समय पर कार्य नही हो रहे।  भैयादूज पर्व के बाद उपतहसील में एक भी रजिस्ट्री नही हुई। हांलाकि मंगलवार व शुक्रवार रजिस्ट्री डे होता है। प्रत्येक रजिस्ट्री डे पर लोगों को इंटरनेट नही चलने का बहाना बनाकर टरका दिया जाता है जिससे अपने कामकाज छोडकर रजिस्ट्री के लिए पहुंचने वाले लोग बेहद परेशान हैं। उन्हें दिनभर इंटरनेट चलने का इंतजार करना पड़ता है। बाद दोपहर मायूस होकर घर बिना काम बने वापिस लौटना पड़ता है। हांलाकि रजिस्ट्री पर पुरूष ही नहीं छोटे बच्चों के साथ महिलाएं भी पहुंचती हैं जो अपने दुधमुहे बच्चों को घर पर परिजनों के भरोसे छोडकर आती हैं जबकि कुछ महिलाएं अपने साथ बच्चों को लेकर आती। वहीं बुजुर्ग महिलाएं व पुरूषों सहित दूर दराज से बुलाए गए रिश्तेदार भी होते हैं जिन्हें रजिस्ट्रीयां नही होने पर बार बार काम छोड़कर आना पड़ता है बावजूद भी उन्हें मायूस लौटना पड़ रहा है। धान कटाई व गेहूं बिजाई के अति व्यस्ततम सीजन में लोग उपतहसील के चक्कर काटने पर मजबूर बने हैं। वहीं अन्य सेवाएं भी बीमार हंै जिससे क्षुब्ध होकर क्षेत्र के लोगों ने तहसील परिसर में नायब तहसीलदार रामकुमार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए काम करने में कोताही करने के आरोप लगाए।

इंटरनेट कनैक्षन हेतु किया अप्लाई
इस संबंध में नायब तहसीलदार रामकुमार का कहना है कि इंटरनेट नही चलने की वजह से रजिस्ट्रयां करने में अडचन आ रही है जिसको लेकर उन्होंने दूसरा इंटरनेट कनैक्शन अप्लाई किया है। उसके चालू होने के बाद संभवत: लोगों को कोई परेशानी नही आऐगी। उन्हें जल्द नया कनैक्षन मिलने की उम्मीद है।

अगले दिन रजिस्ट्री करने की मांग की
पृथ्वी शर्मा सहित अन्य ने प्रशासनिक अधिकारियों से निसिंग की उपतहसील को पूर्ण तहसील का दर्जा देने की मांग की है। ताकि लोगों को अपने कार्य करवाने में कोई परेशानी न हो। वहीं उन्होंने प्रशासन से किसी कारण वश रजिस्ट्री डे वाले दिन रजिस्ट्री नही होने पर उससे अगले दिन वर्कडे को रजिस्ट्री करने की मांग की है।

नारेबाजी के बाद चला नेट हुई 26 रजिस्ट्रीयां
तहसीलदार से मिली जानकारी के अनुसार लोगों के हंगामे के करीब एक घंटा बाद इंटरनेट चालू हो गया था। जिसके बाद रजिस्ट्री के लिए पहुंचे 33 लोगों को टोकन दिए गए। पांच बजे तक जिनमें से 26 पार्टियों की रजिस्ट्रीयां की गई। टोकन प्राप्त करने वाली सात पार्टियों की रजिस्ट्री मंगलवार को कर दी जाएगी।


Post a Comment

0 Comments