यमुनानगर से दिल्ली तक यमुना किनारे बनेगा एक्सप्रेस वे, उद्योग के साथ बढेगा रोजगार


 यमुनानगर से दिल्ली तक यमुना किनारे बनेगा एक्सप्रेस वे, उद्योग के साथ बढेगा रोजगार
हरियाणा समेत सभी राज्यों के 15 करोड़ घरों तक पहुंचाया जाएगा स्वच्छ पेयजल

17 दिसंबर 2019, 4:34 PM
 शिवलाल। हरियाणा मीडिया जंक्शन
यमुनानगर। दिल्ली से यमुनानगर तक यमुना के किनारे एक्सप्रैस हाईवे बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। इस योजना के पूर्ण होने से औद्योगिक परियोजनाओं को बढ़ावा मिलेगा। केन्द्रीय जल शक्ति व सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री रत्तन लाल कटारिया यहां जगाधरी स्थित महाराजा अग्रसैन कॉलेज सभागार में महाराजा अग्रसैन सभा द्वारा आयोजित सम्मान समारोह के उपरांत पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकार की जल से नल योजना के तहत केन्द्र व राज्य सरकारों द्वारा 3.5 लाख करोड़ रुपए की राशि से 15 करोड़ घरों में स्वच्छ पेयजल पहुंचाया जाएगा और इस योजना में हरियाणा राज्य भी शामिल है। इस अवसर पर महाराजा अग्रसैन सभा द्वारा राज्यमंत्री रत्तन लाल कटारिया, शिक्षा मंत्री कंवर पाल व यमुनानगर विधायक घनश्याम दास अरोड़ा को शॉल व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। समारोह में हरियाणा के शिक्षा मंत्री कंवर पाल ने महाराजा अग्रसैन कॉलेज को विकास कार्य करवाने के लिए 11 लाख रुपए व केन्द्रीय जल शक्ति व सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री रत्तन लाल कटारिया ने महाराजा अग्रसैन कॉलेज को 5 लाख रुपए, एसडी स्कूल जगाधरी को 5 लाख रुपए व महाराजा अग्रसैन सभा को भी 5 लाख रुपए देने की घोषणा की। इस अवसर पर महाराजा अग्रसैन कॉलेज के प्रबधक कमेटी में चेयरमैंन सुशील अग्रवाल, प्रिंसीपल पी.के. वाजपेयी, भाजपा नेता राम निवास गर्ग, राजेश सपरा, प्रदीप अग्रवाल, संगीता सिंघल, पूनम अग्रवाल, अमित गोयल, अश्वनी सिंगल, अमरनाथ बंसल, लाला नंद लाल, मीडिया प्रभारी कपिल मनीष गर्ग, सुमित गुप्ता, मनोज गुप्ता, रक्षा मित्तल, जिला परिषद सदस्य सोहन लाल सहित भारी संख्या में अग्रवाल समाज के लोग, अग्रवाल सभा के प्रतिनिधि तथा भाजपा के वरिष्ठ एवं युवा नेता मौजूद रहे।



कंवरपाल गुर्जर बोले लोकतंत्र में लोग भगवान तो मतदाता देवता
इस अवसर पर हरियाणा के शिक्षा मंत्री कंवर पाल ने कहा कि अम्बाला लोकसभा क्षेत्र के लोगों ने केन्द्रीय जल शक्ति राज्यमंत्री रत्तन लाल कटारिया को साढ़े 3 लाख से भी अधिक मतों से विजयी बनाया है और उन्हें भी 16 हजार से अधिक वोटों से विजयी बनाया है। इसके लिए वे सभी मतदाताओं के आभारी हैं। उन्होंने कहा कि उनकी जीत में रत्तन लाल कटारिया ने काफी भूमिका निभाई है और जगाधरी शहर से उन्हें अच्छे वोट मिले है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में लोग भगवान होते हैं और जगाधरी विधानसभा क्षेत्र के लोगों ने जो विश्वास उनमें दिखाया है उस विश्वास को देखते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने उन्हें 5 विभागों का केबिनेट मंत्री बनाया है। यह सब विधानसभा क्षेत्र जगाधरी के लोगों की विशेष इज्जत है।  कंवर पाल ने कहा कि मतदाता देवता होता है और मतदाताओं की सेवा की कसौटी पर खरा उतरना उनका दायित्व है। उन्होंने कहा कि अग्रवाल समाज अनेकों समाज हित के कार्य करता है। संस्था चलाना एक बड़ा कार्य है और शिक्षा जैसे संस्थान चलाना बहुत ही कठिन कार्य है। उन्होंने कहा कि उन्हें विजयी बनाने में अग्रवाल समाज का बड़ा योगदान है और अग्रवाल समाज सही बात पर अड़ने वाला समाज है। उन्होंने कहा कि अग्रवाल समाज शांति प्रिय व न्याय प्रिय समाज है। उन्होंने भामाशाह का उदाहरण देते हुए कहा कि इस समाज के लोगों ने हमेशाा देश हित में कार्य किया है।

चुनाव में नेक मतदाता की तरह फर्ज निभाता है अग्रवाल समाज
समारोह में केन्द्रीय जल शक्ति व सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री रत्तन लाल कटारिया ने कहा कि अग्रवाल समाज जनता व समाज की हमेशा सेवा करता है और हमेशा दान में विश्वास रखता है। इस समाज के प्रति उनके मन में सम्मान है। उन्होंने कहा कि अग्रवाल समाज धर्म में ज्यादा आस्था रखता है और अच्छे कार्यों के लिए अपनी कमाई का अढ़ाई प्रतिशत से लेकर 10 प्रतिशत तक का हिस्सा दान में लगाता है। उन्होंने कहा कि सभी को अग्रवाल समाज की तरह हमेशा समाज व देश के लिए कुछ देने और करने के लिए तैयार रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि अग्रवाल समाज की तरह यदि अन्य समाज के लोग भी दानी और धर्म पर चलने वाले हो जाएं तो देश व समाज बहुत तेजी से उन्नति करेगा। यमुनानगर के विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने कहा कि बीजेपी का कार्यकर्ता समाज व जनता की सेवा करना चाहता है और अग्रवाल समाज हमेशा ही एक नेक मतदाता की तरह चुनावों में अपना फर्ज निभाता है। उन्होंने कहा कि अग्रवाल समाज के प्रति उनके मन में एक विशेष सम्मान है और अग्रवाल समाज के इस सम्मान को वे हमेशा बरकरार रखने के लिए तत्पर रहेंगे।

Post a Comment

0 Comments