...ताकि न हो दिल्ली जैसा अग्निकांड, औद्योगिक क्षेत्रों में फायर सेफ्टी की जांच करवाएगी हरियाणा सरकार 

15 दिसंबर 2019, 8:31 PM
 संदीप कम्बोज। हरियाणा मीडिया जंक्शन
चंडीगढ़। हरियाणा सरकार भी अब प्रदेश के सभी औद्योगिक क्षेत्रों में अग्नि सुरक्षा के इंतजामों की बारिकी से जांच कराएगी। हर जिले में फायर अफसरों की टीमें बनाई गई हैं जो सात दिन में सर्वे पूरा कर रिपोर्ट देंगी। दमकल विभाग की टीमें इस दौरान जांचेंगी कि कितनी औद्योगिक इकाइयां रिहायशी या व्यावसायिक इलाकों में चल रही हैं और इनमें लगाए गए फायर उपकरण सही अवस्था में हैं या नहीं। जिन फैक्टरियों में नियमों का उल्लंघन होता मिला, उनके मालिकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले मई में गुजरात में हुए अग्निकांड के बाद प्रदेश में जून में सभी शैक्षणिक संस्थानों में अग्निसुरक्षा इंतजामों का सर्वे करते हुए बड़ी संख्या में संचालकों को नोटिस थमाए गए थे। बाद में विधानसभा चुनाव के चलते सर्वे रोकना पड़ा। हालांकि इस दौरान काफी संस्थानों ने अनापत्ति प्रमाणपत्र भी ले लिया। दूसरे फेज में औद्योगिक संस्थानों में सर्वे कराया जाएगा, जबकि तीसरे फेज में बहुमंजिला भवनों की जांच होगी। प्रदेश में पानीपत, फरीदाबाद, सोनीपत, झज्जर, गुरुग्राम, रेवाड़ी, रोहतक, हिसार और भिवानी में सर्वाधिक औद्योगिक इकाइयां हैं। दूसरे चरण के सर्वे में पता लगाया जा रहा है कि उद्योगों में किस तरह के फायर उपकरण लगे हैं। सात दिनों तक विभाग की ओर से यह सर्वे कराया जाएगा। इसके बाद नियमों की अवहेलना करने वालों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा जाएगा। रिहायशी इलाकों में चल रहे उद्योगों की जांच रिपोर्ट बनाकर विभाग के आला अधिकारियों को भेजी जाएगी।चीफ फायर आॅफिसर गुलशन कालड़ा ने बताया कि सात दिन के भीतर सभी औद्योगिक इकाइयों का सर्वे कराया जाएगा। इस संबंध में सभी जिलों के फायर आफिसरों को लिखा गया है। सभी जिलों के डीसी को भी सूचना भेजी गई है। सर्वे के दौरान जांच की जाएगी कि फैक्टरियों में फायर उपकरण सही अवस्था में हैं या नहीं।