- अब आपके घर पैसा देने आएंगे बैंक व डाककर्मी
- एपीएल कार्ड धारकों को भी मिलेगा तीन माह का मुफ्त राशन
25 अप्रैल 2020, 9:04 PM
संदीप कम्बोज। हरियाणा मीडिया जंक्शन
चंडीगढ़। कोरोना संकट के इस दौर में प्रदेशवासियों को अब ढ़ेर सारी सुविधाएं अब मोबाइल एप के जरिए मुहैया होंगी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने आज ‘जनसहायक’ (हेल्प मी) नामक एक ऐसी मोबाइल एप्प लॉच की है जिसकी सहायता से प्रदेश के नागरिकों को अनेक तरह की सुविधाएं उपलब्ध होंगी । इस मोबाइल एप पर प्रदेश के नागरिक राशन, टेलीमेडिसन, बैंकों में जाने के लिए अपाइंटमेंट और नगद राशि को अपने घर पर ही प्राप्त कर सकेंगे। यह मोबाइल एप्लिकेशन विशेष रूप से कोरोना संकट में जरूरतमंदों की मदद करने के लिए बनाई गई है, एंड्रॉइड प्ले स्टोर पर उपलब्ध एंड्रॉइड ओसिस पर काम करता है और किसी भी एंड्रॉइड आधारित स्मार्टफोन में कार्य करेगा, जिसका उद्देश्य राज्य के लोगों को बस एक क्लिक के माध्यम से सुविधा प्रदान करना है। मुख्यमंत्री ने आज हरियाणा आज कार्यक्रम के माध्यम से प्रदेशवासियों को संबोधित करने के दौरान इस एपलिकेशन का शुभारंभ किया।उन्होंने कहा कि जिस क्षण कोई भी नागरिक एपलिकेशन पर अपनी आवश्यकतानुसार विकल्प भरेगा, उसका आवेदन तुरंत संबंधित जिले के संबंधित अधिकारी को चला जाएगा। जब संबंधित अधिकारी द्वारा कार्य पूरा कर लिया जाएगा, तो नागरिक को सूचना पहुंच जाएगी। उन्होंने कहा कि यह ऐप किसानों को मंडी में अपनी फसल बेचने के लिए गेट पास बुक करने का भी विकल्प प्रदान करता है। इसके अलावा, वित्तीय सहायता पाने वाले नागरिक वास्तविक समय में अपने आवेदन की पात्रता और स्थिति के बारे में पता कर सकते हैं। मुख्यमंत्री ने इस ऐप को तैयार करने वाले अधिकारियों और टीम के सदस्यों की प्रशंसा भी की।
बैंक से अपने घर में मंगवा सकते हैं कैश
मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव वी. उमाशंकर ने ऐप के उपयोग के बारे में बताया कि ऐप एंड्रॉइड प्ले स्टोर पर उपलब्ध है और यह हिन्दी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध है। अधिकारियों ने बताया कि यह ऐप जीपीएस युक्त है, इसका उद्देश्य हर व्यक्ति को समय पर आवश्यक सहायता प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि इसका उपयोग करने के लिए, उपयोगकर्ता को पहले प्ले स्टोर से ऐप डाउनलोड करना होगा और उस पर पंजीकरण करना होगा। उन्होंने बताया कि यह ऐप लोगों को बैंकों से नकद की होम डिलीवरी का भी विकल्प प्रदान करता है। उन्होंने बताया कि इस सुविधा का उपयोग करने के लिए, उपयोगकर्ता को इस विकल्प का चुनाव करना होगा, इसके बाद नकदी का वितरण पोस्टल बैंक के माध्यम से बिना किसी खर्च के पोस्टमैन या डाकिये के माध्यम से किया जाएगा।
एप्प पर भी कर सकते हैं जरूरतमंदों की मदद
कौशल विकास और औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग के प्रधान सचिव विजयेंद्र कुमार ने बताया कि जो लोग संकट की इस घड़ी में अन्य लोगों की मदद करना चाहते हैं, उनके लिए ऐप पर तीन विकल्प उपलब्ध कराए गए हैं, जिसमें लोग स्वयंसेवकों के रूप में जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आ सकते हैं, किसी भी जरूरतमंद परिवार के लिए राशन की उपलब्धता में योगदान दे सकते हैं और हरियाणा कोरोना रिलीफ फंड में योगदान दे सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना से निपटने में हरियाणा अन्य प्रांतों की तुलना में ठीक दिशा में आगे बढ़ रहा है और हम इसको रोक पाने में सफल हो रहे हैं। हरियाणा में कोरोना मरीजों की ठीक होने की दर यानी रिकवरी रेट भी आज 66.55 प्रतिशत हो गया है। रिकवरी रेट के मामले में हरियाणा देशभर में केरल के बाद दूसरे नंबर पर आ गया है।
12 जिलों में अब एक भी कोरोना पॉजिटिव नहीं
प्रदेश में वर्तमान में 12 जिले ऐसे हो गए हैं, जहां आज कोरोना संक्रमित एक भी पॉजिटिव केस नहीं है अर्थात यह क्षेत्र ग्रीन जोन में आ गए हैं। इसी प्रकार, जहां एक ओर राष्टद्द्रीय स्तर पर कोरोना संक्रमण मरीजों की संख्या हर 7 दिनों में दुगनी हो रही है वहीं हरियाणा में मरीजों की संख्या 18 दिनों में दुगनी हो रही है। उन्होंने कहा कि कोरोना का जो ग्राफ है वह होरिजॉन्टल हो रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि कोरोना की लड़ाई में, हमें डरने या उम्मीद खोने की जरूरत नहीं है; बल्कि हमें कोरोना को हराना है और उसके खिलाफ जीत हासिल करनी है। उन्होंने कहा कि कोरोना हरियाणा से हारेगा, भारत से भागेगा।


0 Comments