हरियाणा : यदि आपके परिवार की आय भी सालाना 1.80 लाख है तो जल्दी से करवा लें यह रजिस्ट्रेशन
12 व 13 को होगा मुख्यमंत्री परिवार समृद्घि योजना के लिए रजिस्ट्रेशन, हर ब्लॉक में लगेंगे शिविर
वित्त सचिव टीवीएसएन प्रसाद ने वीडियो कॉन्फ्रेंस से की योजना की प्रगति की समीक्षा
![]() |
हिसार। मुख्यमंत्री परिवार समृद्घि योजना के संबंध में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंस में शामिल उपायुक्त अशोक कुमार मीणा व अन्य अधिकारी। तस्वीर : हरियाणा मीडिया जंक्शन
|
हरियाणा मीडिया जंक्शन। संदीप कम्बोज
हिसार/चंडीगढ़। यदि आपके परिवार की सालाना आय 1.80 लाख से कम है तो आप जल्दी से मुख्यमंत्री परिवार समृद्घि योजना के तहत रजिस्ट्रेशन अवश्य करवा लें। इस योजना के तहत पात्र परिवारों के बैंक खाते में सरकार हर साल 6 हजार रूपए जमा करवाएगी। योजना के तहत परिवारों के पंजीकरण के लिए 12 व 13 सितंबर को प्रदेश के सभी जिलों के हर ब्लॉक में शिविर लगाए जाएंगे। प्रत्येक शिविर में कम से कम 100 परिवारों का पंजीकरण किया जाएगा। वित्त सचिव टीवीएसएन प्रसाद आज वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सभी जिलों में परिवार समृद्घि योजना की प्रगति की समीक्षा कर रहे थे। वित्त सचिव ने कहा कि मुख्यमंत्री परिवार समृद्घि योजना के तहत बीपीएल सूची में शामिल सभी परिवारों के साथ 1.80 लाख रुपये सालाना आदमनी व 2 हेक्टेयर भूमि वाले परिवारों का पंजीकरण किया जा रहा है। इस योजना के तहत पात्र परिवारों के बैंक खाते में प्रतिवर्ष 6 हजार रुपये भिजवाए जााएंगे जिनसे विभिन्न योजनाओं के तहत उनके द्घारा अदा किए जाने वाले प्रीमियम का भुगतान अपने आप हो जाएगा। इस योजना के बाद कोई भी पात्र परिवार प्रीमियम न भरने के कारण योजना के लाभ से वंचित नहीं रहेगा।उन्होंने कहा कि पंजीकरण कार्य को तेज गति से संपन्न करने के लिए सभी जिलों के प्रत्येक खंड में पंजीकरण शिविर लगाकर पात्र परिवारों का विवरण दर्ज किया जाए। इसके लिए सभी जिलों में बीडीपीओ के माध्यम से 12 व 13 सितंबर को पंजीकरण शिविर लगाए जाएं और पात्र परिवारों से फार्म भरने के साथ-साथ उनके बैंक खाते की पासबुक के पहले पेज की फोटोकॉपी व अन्य दस्तावेज लिए जाएं। उन्होंने प्रत्येक खंड से कम से कम 100 पात्र परिवारों का पंजीकरण करने का लक्ष्य दिया।वीडियो कॉन्फ्रेंस में उपायुक्त अशोक कुमार मीणा, सीटीएम अश्वीर सिंह, डीएफएससी सुभाष सिहाग, जिला खजाना अधिकारी सतीश सिवाच, जिला सांख्यिकीय अधिकारी अमिता चौधरी, योजना अधिकारी जगदीश दलाल, नगर निगम के ईओ हरदीप सिंह, बीडीपीओ जयपाल तंवर व संदीप कुमार सहित अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।


0 Comments