प्रोजेक्ट। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग और नेशनल काउंसिल आफ साईंस म्यूजियम सेंटर के बीच एमओयू साईन
अंबाला कैंट में 35 करोड़ की लागत से बनेगा हाईटेक विज्ञान केन्द्र
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अनिल विज कर चुके शिलान्यास
Hisar Media Junction
चंडीगढ़। प्रदेशा के अंबाला कैंट में 35 करोड़ रुपए की लागत से एक विज्ञान केन्द्र बनाया जाएगा इस बाबत विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग और नेशनल काउंसिल आॅफ साईंस म्यूजियम सेंटर के बीच एमओयू भी साईन हो गया है। हरियाणा के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अनिल विज ने बताया कि अम्बाला छावनी में वार मैमोरियल के नजदीक 35 करोड़ रुपए की लागत से बनाया जाने वाला विज्ञान केन्द्र निस्संदेह युवा पीढ़ी को साईंस की ओर आकर्षित करेगा, वहीं दूर-दराज से लोग यहां आकर विज्ञान के नियमों को भी देख सकेंगे। वैसे भी अम्बाला साईंस उपकरणों में सबसे महत्वपूर्ण माना जाता है। उन्होंने बताया कि अम्बाला छावनी विधानसभा क्षेत्र में नित-नए प्रोजैक्टों को लाकर अम्बाला छावनी को सुंदर व विकसित बनाने का काम किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज विज्ञान केन्द्र का शिलान्यास किया गया है। उन्होंने कहा कि 5 एकड़ में बनने वाला यह विज्ञान केन्द्र 3 वर्ष के भीतर बनकर तैयार होगा तथा इस पर 35 करोड़ रुपए की लागत आएगी। उन्होंने बताया कि इस विज्ञान केन्द्र में तारामंडल, इनोवेशन हब, एग्जिबिट डिवल्पमैंट लैब, थीप मैट्रिक गैलरी, साईंस पार्क की भी व्यवस्था होगी। उन्होंने कहा कि किसी भी देश की तरक्की के लिए साईंस का ज्ञान होना अति आवश्यक है, कोई देश इसलिए ताकतवर नहीं होता कि उसका क्षेत्रफल ज्यादा है बल्कि इसलिए ताकतवर होता है कि वह साईंस के क्षेत्र में आगे है। उदाहरण के तौर पर उन्होंने इजरायल व जापान देश का जिक्र करते हुए कहा कि इन दोनों देशों ने साईंस क्षेत्र में विश्व में अपनी अहम् पहचान बनाई है। भारत भी साईंस के क्षेत्र में काफी तरक्की कर रहा है। केन्द्र व प्रदेश सरकार द्वारा साईंस के क्षेत्र में लोगों की रूचि बढ़े, इस दिशा में भी कार्य किए जा रहे हैं। गुरूग्राम में साईंस सिटी बनाए जाने की प्रस्तावित योजना है। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के प्रधान सचिव डा0 अशोक खेमका ने बताया कि इस विज्ञान केन्द्र को राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय परिषद, संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार व कोलकत्ता की टीम के सहयोग से बेहतर तरीके से समय अवधि में पूरा करने का काम किया जाएगा।
हाईटेक तकनीक वाला हरियाणा का पहला विज्ञान केंद्र
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अनिल विज ने बताया कि यह हरियाणा का पहला ऐसा विज्ञान केन्द्र होगा जिसमें विज्ञान की नई तकनीकें भी उपलब्ध होंगी, जिसका साईंस से जुड़े विशेषज्ञ लाभ उठा सकेंगे। इस विज्ञान केन्द्र में साईंस विषय पर आधारित प्रदर्शनी भी लगेंगी, जिससे बच्चे खेल-खेल विज्ञान के सिद्धांतो को सीख सकेंगे। उन्होंने कहा कि अम्बाला छावनी में बनने वाला विज्ञान केन्द्र लोगों को निस्संदेह साईंस की ओर आकर्षित करने का काम करेगा और राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित होने के कारण लोग इसको आसानी से आकर देख सकेंगे।
0 Comments