यह फिल्म की शूटिंग नहीं हकीकत है जनाब
बदमाश बेटे को गिरफ्तारी से बचाने के लिए पुलिसकर्मियों से भिड़ गई मां
Hisar Media Junction Special
Hisar Media Junction
पलवल। होडल के हसनपुर चौक के नजदीक शुक्रवार को अजब नजारा देखने को मिला। यहां अपनी मां के साथ खड़े एक बदमाश को पकड़ने गए दो पुलिसकर्मियों को दोनों मां-बेटे ने दबोच लिया। पुलिसकर्मियों और उनके बीच काफी देर तक हाथापाई हुई। आखिर में पुलिसकर्मी आरोपी को पकड़ने में कामयाब रहे। आरोपी की मां ने पुलिसकर्मियों के साथ जमकर मारपीट की और बेटे को भगाने का प्रयास किया लेकिन कामयाब नहीं हुई।इस पूरी घटना का आसपास के लोगों ने वीडियो बना लिया और वायरल कर दिया। होडल थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि हत्या के प्रयास, अपहरण, दहशत फैलाने की नियत से हवाई फॉयर करने व झगड़े के कई मामलो में वांछित चल रहा बदमाश होडल निवासी इशू अपनी मां के साथ हसनपुर चौक के समीप खड़ा है। जोकि होडल से फरार होने की फिराक में है। सूचना मिलते ही होडल थाने के एएसआई अशोक व एसपीओ वीरेंद्र सरकारी गाड़ी लेकर मौके पर पहुंच गए। उन्होंने जब उक्त आरोपी को काबू करने का प्रयास किया, तो उसकी मां ने पुलिस कर्मियों के साथ हाथापाई शुरू कर दी, ताकि वह अपने बेटे को उनसे छुड़वाकर भगा सके। लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसके इरादों को भांप लिया और महिला पुलिसकर्मियों से मारपीट करती रही, लेकिन उन्होंने आरोपी को नहीं छोड़ा। जिससे आरोपी और उसकी मां के मनसूबों पर पानी फिर गया। इसी दौरान वहां खड़े किसी ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर वायर कर दिया। वीडियो में आरोपी की मां पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट करती उनकी वर्दी को पकड़े हुए नजर आ रही है।
आरोपी व उसकी मां के द्वारा पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई की सूचना मिलते ही होडल थाने से मौके पर और पुलिसकर्मी पहुंच गए। पुलिस के पहुंचते ही आरोपी व उसकी मां को हिरासत में लेकर पुलिस थाने ले आई। थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि उक्त आरोपी व उसकी मां के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।