जल्द फायर सेफ्टी एप बनायेगा हरियाणा, डायरेक्ट जुड़ेंगे सभी डीसी, एसपी व सीएमओ
दमकल वाहनों में लगेगा जीपीएस सिस्टम
शहरी स्थानीय निकाय मंत्री ने कहा कि दमकल गाड़ियों में जीपीएस सिस्टम लगाया जाएगा जिससे हादसे वाले स्थान की लोकेशन पता कर वहां पर जल्द पहुंचा जा सके। उन्होंने कहा कि जिला व ब्लॉक स्तर पर दमकल स्टेशनों पर सिस्टम आॅनलाइन होना चाहिए, जिससे आग लगने की सूचना तुरंत मिल सकेगी। मुख्यालय स्तर पर एक नोडल अधिकारी लगाया जाएगा जो प्रदेशभर के दमकल स्टेशनों के साथ समन्वय स्थापित करेगा ताकि किसी भी आपातकाल घटना के समय सभी को सचेत किया जा सके। उन्होंने कहा कि सिनेमा हॉल, अस्पताल, कोचिंग सेंटर जैसी बहुमंजिला इमारतों को एनओसी जारी करते समय अग्नि सुरक्षा उपायों का विशेष ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अधिकारी नियमों को ताक पर रखकर एनओसी या नवीनीकरण पत्र जारी न करें।
70 मीटर उंचाइ के 2 हाईड्रोलिक फायर बिग्रेड खरीद रही सरकार
शहरी स्थानीय निकाय विभाग के महानिदेशक समीर पाल सरो कहा कि अग्नि शमन विभाग को वर्तमान चुनौतियों के अनुसार सक्षम बनाने के लिये सुविधाओं में विस्तार किया जा रहा है। इसके लिये जिला और उपमंडल स्तर पर स्थित दमकल कार्यालयों में फायर बिग्रेड की कमी पूरी करने के लिये नये वाहन खरीदने की प्रक्रिया शुरू की गई है और अब तक 64 हल्के और भारी वाहन खरीदे जा चुके है। उन्होंने बताया कि महानगरों में बहुमंजिला इमारतों में आग लगने की घटनाओं पर काबू पाने के लिये 32 व 70 मीटर उंचाई की क्षमता के 2 हाईड्रोलिक फायर बिग्रेड खरीदने की प्रक्रिया भी आरंभ की गई है।
हर जिले में अग्नि सुरक्षा पखवाड़ा मनाने के निर्देश
निकाय मंत्री ने फायर आॅफिसरों को निर्देश दिए कि वे अपने जिलों में अग्नि सुरक्षा पखवाड़ा मनाए और इस दौरान मॉक ड्रील्स की जाए। इसके लिए वार्षिक कैलेंडर तैयार किया जाएगा। इस दौरान प्रदेश के सभी 22 जिलों में सालभर तक अग्नि सुरक्षा पखवाड़ा, मॉक ड्रील्स की गतिविधियां संचालित की जाएंगी ताकि आमजन को सुरक्षा उपायों की जानकारी मिलने के साथ-साथ विभाग भी हर पल-हर समय तत्पर रहे।उन्होंने कहा कि अग्निशमन विभाग में बजट की कोई समस्या नहीं आने दी जायेगी। विभाग के पास अलग से 60-65 करोंड़ रुपये का बजट का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि किसी बड़ी घटना के दौरान बहादुरी से कार्य करने वाले दमकल विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रोत्साहित किया जाएगा।


0 Comments