अगले पांच साल हिन्दुस्तान के लिए स्वर्णकाल

अगले पांच साल हिन्दुस्तान के लिए स्वर्णकाल 

वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु व हिसार सांसद बृजेंद्र सिंह ने लोकसभा जीत के लिए नारनौंद के कार्यकर्ताओं का जताया आभार

Hisar Media Junction
नारनौंद। वित्त एवं राजस्व मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि वर्ष 2019 से 2024 के बीच के 5 वर्ष का कालखंड भारत का स्वर्णकाल साबित होगा। इस अवधि में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व शक्ति बनने की ओर अग्रसर होगा और इसके बाद भारत कभी भी पीछे मुड़कर नहीं देखेगा। 
वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने यह बात आज दादा देवराज धर्मशाला में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही। वे हिसार के नवनिर्वाचित सांसद बृजेंद्र सिंह के साथ लोकसभा चुनाव में की गई मेहनत पर कार्यकर्ताओं का आभार जताने यहां पहुंचे थे। इस अवसर पर अन्य पार्टियों के 5 व्यक्तियों ने अपने समर्थकों सहित भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। वित्तमंत्री व सांसद ने इन्हें भाजपा का पटका पहनाकर पार्टी में इनका स्वागत किया। वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने बृजेंद्र सिंह के सांसद चुने जाने पर क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मतदाताओं ने हिसार में पहली बार भाजपा का सांसद बनाकर एक नया इतिहास रचते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों में विश्वास व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि अब भाजपा का सांसद होने से जिला का विकास तेज गति से हो सकेगा। अब हम एक और एक ग्यारह बनकर विकास कार्यों को आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के साथ ही भारत ने एक नए काल में प्रवेश किया है। अगले 5 वर्ष में भारत की विश्व में नई पहचान कायम होगी जो इसे पुनः विश्वगुरू के पद पर आसीन करेगी।
वित्तमंत्री ने कहा कि लोकसभा चुनाव के साथ ही देश और प्रदेश में विपक्ष का सूपड़ा साफ हो गया है। पिछले लोकसभा चुनाव में नारनौंद विधानसभा क्षेत्र से 43 हजार वोटों की लीड लेने वाली पार्टी इस बार 3 हजार की लीड पर सिमटकर रह गई है। उन्होंने नाम लिए बिना इनेलो नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने अपने अहंकार के चलते पार्टी और कुनबे का काम तमाम कर दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जनता के बीच जाकर उनका विश्वास जीतें और आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों में जुट जाएं। उन्होंने कहा कि विपक्षी नेताओं ने चुनाव में जो झूठ बोले उनके बारे में भी जनता को जागरूक करें। कार्यकर्ताओं व आमजन से आह्वान किया कि वे कल 16 जून को जींद में होने वाली संत कबीर जंयती के राज्यस्तरीय समारोह में पहुंचकर मुख्यमंत्री मनोहर लाल के विचार सुनें। उन्होंने कहा कि संत कबीर किसी जाति या धर्म से नहीं बल्कि समस्त मानवता को नई दिशा दिखाने वाले महापुरुष थे और महापुरुषों का सम्मान हर व्यक्ति को करना चाहिए।इस अवसर पर पार्षद विनोद पाल वाल्मीकि, संदीप शर्मा, लेबर यूनियन प्रधान कृष्ण पाल वाल्मीकि, अनिल शर्मा व सुमेर लोहान सहित अन्य कई प्रभावशाली व्यक्तियों ने अपने समर्थकों सहित भाजपा में आस्था जताते हुए पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु व सांसद बृजेंद्र सिंह ने पटका पहनाकर उनका पार्टी में स्वागत किया और उन्हें विश्वास दिलाया कि उन्हें भाजपा में समुचित मान-सम्मान मिलेगा।  इस मौके पर पूर्व मंत्री अत्तर सिंह सैनी, युवा भाजपा नेता अजय सिंधु, प्रो. मंदीप मलिक, राजेंद्र लांबा, चेयरमैन शशि ढाका, ब्रह्मदेव स्याहड़वा, सत्यवान दुहन, सतपाल मल्हान, पार्षद कुलदीप गौतम, सत्यपाल श्योराण, जयवीर माजरा, सुरेश एमसी, डॉ. राजबीर पांडे, कमलेश लोहान, प्रेम वर्मा, सुनील पाल वाल्मीकि, सुदेश चौधरी, उदयवीर पूनिया, अमित यादव, अमित यादव, रविंद्र रोकी कालीरावण, रामस्वरूप डाटा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

विपक्ष का 90 फीसद वजूद खत्म, 10 फीसद विस चुनाव में हो जाएगा : बृजेंद्र सिंह

नवनिर्वाचित सांसद बृजेंद्र सिंह ने कहा कि बूथ स्तरीय कार्यकर्ता से लेकर पन्ना प्रमुख व विधानसभा स्तर के सभी नेताओं ने लोकसभा चुनाव को अपना समझकर लड़ा। उन्होंने कहा कि पूर्व के चुनावों में पार्टियां जात-पात या धर्म के आधार पर धुव्रीकरण करने में कामयाब हो जाती थी लेकिन यह उनके जीवन का पहला चुनाव था जब 36 बिरादरी के मतदाताओं ने नरेंद्र मोदी के हाथों को मजबूत करने के लिए खुद उनकी तरफ से चुनाव लड़ा। इसी का परिणाम था कि भाजपा प्रत्याशी के रूप में मुझे 3.14 लाख वोटों के अंतर से विजय प्राप्त हो सकी। 
उन्होंने कहा कि सन् 1984 में मेरे पिताजी हिसार संसदीय क्षेत्र से 51 हजार वोटों की लीड से सांसद बने थे लेकिन मुझे 9 में से 4 हलकों ने 51-51 हजार वोटों के अंतर से जीत दिलाई है जो छोटी बात नहीं है। उन्होंने कहा कि इस लोकसभा चुनाव में लोगों के सिर पर नरेंद्र मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाने का जुनून सवार था। मोदी की इस आंधी को देखकर विपक्ष को समझ नहीं आ रहा कि वे अब क्या करें। एक-दूसरे के विरोध के सहारे राजनीति करने वाले लोग अब आपस में एक होने की बात कर रहे हैं। ऐसे विपक्षी नेता अब अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहे हैं। ऐसे लोगों के लिए सरकार बनाना तो दूर, अपना राजनीतिक अस्तित्व बचाना भी मुश्किल हो गया है। लोकसभा चुनाव ने ऐसे नेताओं का 90 प्रतिशत वजूद खत्म कर दिया है शेष 10 प्रतिशत कार्य विधानसभा चुनाव में हो जाएगा। उन्होंने ऐसी राजनीति की दुकानों को बंद करने पर जनता का आभार जताया।




Post a Comment

0 Comments