10वीं कक्षा में मैरिट हासिल करने वाले हिसार के 93 स्टूडेंट्स सहित प्रदेश के 660 विद्यार्थियों को मिले मुफ्त लैपटोप
मुफ्त लेपटॉप प्राप्त करने में हिसार के विद्यार्थी सभी जिलों से आगे
सक्षम हरियाणा योजना में उल्लेखनीय कार्य करने वाले शिक्षकों को भी किया सम्मानित
मीडिया जंक्शन न्यूज
हिसार। सरकारी स्कूलों में पढऩे वाले बच्चों में प्रतिभा की कमी नहीं है, बस जरूरत है उन्हें नवाचार के लिए प्रेरित करने की। यदि विद्यार्थी, अभिभावक व शिक्षक, तीनों आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारी को निभाएं तो शिक्षा के वास्तविक उद्देश्य को प्राप्त करना बहुत आसान हो सकता है। यह बात उपायुक्त अशोक कुमार मीणा ने लघु सचिवालय के जिला सभागार में मुफ्त लेपटॉप वितरण व सक्षम हरियाणा शिक्षक सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने 10वीं कक्षा में उत्कृष्टï प्रदर्शन करने वाले जिला के 93 विद्यार्थियों को मुफ्त लेपटॉप प्रदान किए। इस अवसर पर सक्षम हरियाणा (शिक्षा) योजना में बेहतरीन कार्य करने वाले शिक्षकों व अधिकारियों को भी सम्मानित किया गया। प्रदेश के 660 विद्यार्थियों में से हिसार के 93 विद्यार्थियों को मुफ्त लेपटॉप प्रदान किए गए हैं। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त अमरजीत सिंह मान, एसडीएम परमजीत सिंह व सीटीएम राजीव अहलावत भी मौजूद थे। इससे पूर्व पंचकुला में इसी संबंध में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रदेश के सभी जिलों के विद्यार्थियों व शिक्षकों को सम्मानित किया। इस कार्यक्रम को यहां भी लाइव देखा गया और उपायुक्त अशोक कुमार मीणा ने एजुसेट के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़ते हुए मुख्यमंत्री से बात की व उन्हें हिसार में सक्षम योजना के तहत उल्लेखनीय उपलब्धियां प्राप्त करने के लिए बनाई गई रणनीति व कार्ययोजना से अवगत करवाया।इस अवसर पर डिप्टी डीईओ अनिता सिंगला, चंद्रकांता, प्रधानाचार्य सतबीर सिंह सहित विभिन्न स्कूलों के प्रधानाचार्य, शिक्षक, अभिभावक, विद्यार्थी भी मौजूद थे।
समाज के लिए उपयोगी बनना ही शिक्षा का असल मकसद
जिला सभागार में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए उपायुक्त अशोक कुमार मीणा ने कहा कि केवल अधिक अंक प्राप्त करना, नौकरी पा लेना अथवा पैसे कमा लेना ही शिक्षा पाने का मकसद नहीं है बल्कि समाज के लिए उपयोगी बनना और अच्छे संस्कार प्राप्त करना ही शिक्षा प्राप्ति का असली उद्देश्य है। हमें बच्चों के चरित्र निर्माण व अच्छे संस्कार के साथ-साथ उनमें दूसरों से अलग सोचने और नवाचार की सोच विकसित करने की भी जरूरत है। यह कार्य विद्यार्थियों, शिक्षकों व अभिभावकों के संयुक्त प्रयासों से ही संभव हो सकता है। उन्होंने कहा कि हमें कानून से डरकर नहीं बल्कि नैतिक जिम्मेदारी को समझते हुए नियमों का पालन करना चाहिए।
लेपटोप का सदुपयोग करें विद्यार्थी
अतिरिक्त उपायुक्त अमरजीत सिंह मान ने कहा कि बच्चों को आज उनकी मेहनत के लिए सम्मान स्वरूप जो लेपटॉप दिया जा रहा है वे उसका सदुपयोग करें न कि दुरुपयोग। शिक्षकों और अभिभावकों को भी बच्चों को अच्छी व बुरी दोनों बातों व इनके अंतर के बारे में अवगत करवाना चाहिए ताकि बच्चे भटकें नहीं और अपनी मंजिल को पा सकें। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से सभी बच्चों को बहुत प्रेरणा मिलती है और वे कुछ नया करने के लिए नए जोश से आगे बढ़ते हैं।
सक्षम प्लस व सक्षम-2 में भी दम दिखाएगा हिसार
इससे पूर्व पंचकुला में राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रदेश के सभी जिलों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों व शिक्षकों को सम्मानित किया। उन्होंने एजुसेट के माध्यम से सभी जिलों से जुड़ते हुए कुछ अधिकारियों से सक्षम हरियाणा योजना के संबंध में अनुभव भी जाने। उपायुक्त अशोक कुमार मीणा ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल को बताया कि सक्षम योजना में अच्छे परिणाम प्राप्त करने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षा अधिकारियों व शिक्षकों ने कार्ययोजना बनाकर आपसी समन्वय से कार्य किया। शुरू में परिणाम आशा अनुकूल नहीं आए लेकिन बाद में हम जिला के सभी 9 खंडों को सक्षम बनाने में सफल हो पाए। उन्होंने कहा कि आगे सक्षम प्लस और सक्षम-2 में भी आशानुरूप परिणाम प्राप्त किए जाएंगे।




0 Comments