विद्यार्थियों को अन्तर्राष्ट्रीय प्रतिस्पर्धाओं के लिए तैयार करेगी सरकार


विद्यार्थियों को अन्तर्राष्ट्रीय प्रतिस्पर्धाओं के लिए तैयार करेगी सरकार  
अनपढ़ नहीं रहेगा 3 से 15 साल का एक भी बच्चा


चंडीगढ़। प्रदेश सरकार एक ऐसी शिक्षा नीति तैयार करने जा रही है जो विद्यार्थियों को अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने के योग्य बना सके। सरकार की योजना है कि प्रदेश में तीन से 15 वर्ष की आयु वर्ग का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और सभी का स्कूलों में दाखिला हो। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा प्रदेश में संयुक्त एवं एकल परिवारों की पारिवारिक आईडी तैयार की जा रही है, जिसमें परिवार में सदस्यों की संख्या और पिता, माता, बच्चे, पति-पत्नी आदि के नाम और आयु जैसे समस्त जानकारी उपलब्ध रहेगी। जन्म, विवाह एवं मृत्यु पंजीकरण को भी इस प्रणाली के साथ जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि इस प्रकार एकत्रित आंकड़ा किसी कारणवश स्कूल नहीं जाने वाले 3 से 15 वर्ष के बच्चों की वास्तविक संख्या का पता लगाने में ही सहायक नहीं होगा, बल्कि ऐसे बच्चों का स्कूलों में दाखिला सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाने में भी सहायक होगा। उन्होंने कहा कि इस कार्य के लिए गैर सरकारी सगठनों और अन्य स्वैच्छिक संगठनों की सहायता भी ली जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा विभाग के अलावा अन्य विभागों में भी पारिवारिक आईडी प्रणाली क्रियान्वित की जाएगी ताकि सरकार द्वारा चलाई जा रही वृद्घावस्था पेंशन योजना, निशक्तों और अनुसूचित जाति एवं पिछड़े वर्गों से सम्बन्धित लोगों को वित्तीय सहायता, अनुदान प्रदान करने सहित सामाजिक सुरक्षा पेंशन जैसी विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत लाभों के वितरण में पारदर्शिता आ सके। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभाग द्वारा लाभानुभोगियों का डाटा स्वयं रखा जाएगा।

Post a Comment

0 Comments