जजपा नेता एडवोकेट सुशील खरब ने हजारों समर्थकों सहित थामा भाजपा का दामन
नारनौंद में बोले वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु, अब पर्ची से ना पैसे से, भर्ती होगी मेरिट से
हिसार/नारनौंद। वित्त एवं राजस्व मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल की सरकार ने कई मायनों में प्रदेश की कायापलट कर दी है। अब हरियाणा में पैसे या पर्ची से नहीं बल्कि पेपर देकर मेरिट में आने वाले युवाओं को नौकरियांमिल रही हैं। इससे प्रदेश की 2.60 करोड़ जनता में साकारात्मक संदेश गया है और सरकार के प्रति विश्वास पैदा हुआ है। अब राज्य के युवा नेताओं के पीछे भागने और पर्चियां देने में नहीं बल्कि पढ़ाई करके नौकरियां पाने में विश्वास करने लगे हैं। वित्तमंत्री ने यह बात गांव उगालन के राजकीय स्कूल में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कही। कार्यक्रम में जननायक जनता पार्टी के नेता एडवोकेट सुशील खरब ने अपने हजारों समर्थकों सहित भाजपा में शामिल होने की घोषणा की। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष व टोहाना विधायक सुभाष बराला ने उन्हें पार्टी का पटका पहनाकर व पार्टी का चुनाव चिह्न देकर विधिवत् रूप से भाजपा में शामिल किया। इस अवसर पर पार्टी के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र पूनिया, युवा भाजपा नेता अजय सिंधु, पूर्व मंत्री अत्तर सिंह सैनी व प्रो. मंदीप मलिक भी मौजूद थे। वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि इनेलो सरकार के 5 साल के कार्यकाल में 5630 लोगों को नौकरियां दी गईं थी जबकि भूपेंद्र सिंह हुड्डा की सरकार के 10 साल के कार्यकाल में 18 हजार लोगों को नौकरियां दी गईं। वर्तमान प्रदेश सरकार के पौने पांच साल के कार्यकाल में 1 लाख लोगों को नौकरियां दी गई हैं जो अब तक का रिकॉर्ड है। इतना ही नहीं, अब युवाओं को नौकरी के लिए सिफारिश अथवा पैसे लेकर नहीं घूमना पड़ता बल्कि उन्हें पेपर देकर मेरिट के आधार पर नौकरियां मिल रही हैं। वित्तमंत्री ने कहा कि हुड्डा सरकार ने 10 सालों में शहीदों के 18 आश्रितों को नौकरियां दी जबकि वर्तमान सरकार ने तो 1965 व 1971 के युद्धों के वीर-शहदों के परिजनों तक को ढूंढ-ढूंढकर 280 आश्रितों को नौकरियां देने का काम किया है।
जजपा नेता सुशील खरब के भाजपा में शामिल होने पर खुशी व्यक्त करते हुए वित्तमंत्री ने कहा कि इनके आने से पार्टी ताकतवर हुई है। उन्होंने कहा कि सुशील खरब पार्टी के लिए हीरा साबित होंगे। सुशील खरब के आने से अब हम एक और एक ग्यारह बनकर काम करेंगे। उन्होंने कहा कि नए हरियाणा के निर्माण के लिए धीरे-धीरे सात्विक शक्तियां भाजपा में शामिल हो रही हैं। वित्तमंत्री ने कहा कि पौने पांच साल के दौरान मैंने इलाके में विकास की पिछली सारी कमी को पूरा करने की कोशिश की है। यहां आईटीआई, कॉलेज, उपमंडल, तहसील, उपतहसील, बिजली, पानी, सड़कें और अन्य तमाम आधारभूत सुविधाएं मुहैया करवाई गई हैं। उन्होंने कहा कि हमारे लिए राजनीति का मतलब राज नहीं बल्कि सेवा है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने कहा कि केवल भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जिसके कार्यकर्ता सम्मान पाने के साथ-साथ बड़े से बड़े पद तक पहुंच सकते हैं। साधारण परिवारों में जन्म लेकर प्रधानमंत्री बनने वाले नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री मनोहर लाल इसका स्पष्ट उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में जिस तेजी से दूसरी पार्टियों के नेता भाजपा में शामिल हो रहे हैं उसे देखते हुए मुझे लगता है कि दूसरे दलों में चुनाव लड़ने लायक नेता ही नहीं बचेंगे। नारनौंद हलके में भी प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री व वित्तमंत्री की लोकप्रियता व साफ-स्वच्छ छवि के कारण लोग भाजपा परिवार के साथ जुड़ रहे हैं। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र पूनिया, सरपंच प्रतिनिधि मोनू उगालन, डॉ. ओमप्रकाश पहल, राजेंद्र लांबा, सीमा गैबीपुर, सत्यवान दुहन, जिला पार्षद संजय खरब, सुदेश चौधरी, सोनू मलिक, सतपाल मल्हान, बलराज लोहान, कमलेश लोहान, जगमिंद्र नरवाल, राजबीर जैन, विजय बाली, रामस्वरूप डाटा, जगजीत सिंधु, राजेश सरपंच, साहिल व कपिल गुराना सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, पंच-सरपंच व बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

0 Comments