बेजुबानों की भावनाओं एवं उनके दुख तकलीफ को समझें इंसान
मानवीय गुणों के साथ जानवरों के प्रति भी रखें दया भाव 

हिसार । भारतीय जीव जंतु कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष डा०ओपी चौधरी ने जिला प्रशासनिक भवन के सभागार में जीव जंतु कल्याण को लेकर जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर जीव-जंतु कल्याण के लिए किए जाने वाले कार्यों पर विचार सांझा किए। उन्होंने जिला में पशुओं की स्थिति, पशु कल्याण के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं, गोवंश संवर्धन के लिए किए जा रहे प्रयासों, बेसहारा पशुओं के प्रबंधन, ग्रीष्म काल में पशु-पक्षियों के लिए भोजन, पानी आदि की व्यवस्था एवं जिला पशु क्रूरता निवारण समिति द्वारा किए जा रहे कार्यों की भी समीक्षा की। डा०चौधरी ने इस दौरान अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि जो व्यक्ति पशुओं के प्रति प्रेम भावना नहीं रखता वह समाज में भी अच्छा नागरिक नहीं बन सकता। इंसान को मानवीय गुण रखते हुए सभी प्रकार के जानवरों के प्रति दया भाव रखना चाहिए। पर्यावरण संतुलन में हर प्रकार के जीव-जंतु का अपना एक अहम योगदान होता है। इस लिए समाज के प्रत्येक नागरिकों को एकजुट होकर पशु कल्याण के पुनीत कार्य में भागीदारी करनी चाहिए और जानवरों के लिए भी पानी, चारा, पशु उपचार मोबाईल वैन, दवाईयों आदि का प्रबंध किया जाना चाहिए। डा०चौधरी ने कहा कि नभचर, जलचर और गोचर सभी पशुओं को सम्मान और गरिमा के साथ जीने का अधिकार है, पशु बोल नहीं सकते, परंतु एक जिम्मेदार समाज होने के नाते हमारा यह कर्तव्य है कि हम पशुओं की भावनाओं एवं उनके दुख तकलीफ को समझें और महसूस करें। उन्होंने कहा कि जीव-जंतु कल्याण बोर्ड का गठन तो लगभग सभी राज्यों में है परन्तु एसपीसीए-पशु क्रूरता रोकथाम समितियों का गठन करके उनका पंजीकरण करवाएं और पशु कल्याण के लिए ग्रांट की मांग करें। इसके साथ-साथ पशु कल्याण में रूचि रखने वाले किसी व्यक्ति को इस समिति का गैर सरकारी सदस्य भी नियुक्त किया जाए। एसपीसीए के गठन के बाद पशु कल्याण को लेकर नियमित बैठक करके इस दिशा में किए जाने वाले कार्यों की रूप रेखा भी तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि हमें गायों के अलावा अन्य सभी तरह के पशुओं के लिए एक समान रूप से कल्याणकारी कार्य करें तो बेहतर और बेहतर होगा। पशु कल्याण के लिए किए जाने वाले सभी कार्यों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाना जरूरी है ताकि पशु कल्याण के लिए किए जा रहे कार्यों के सार्थक परिणाम मिल सके।  

बैठक में मौजूद रहे ये अधिकारी
जिला प्रशासनिक भवन के सभागार में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में नगराधीश शालिनी चैतल, डीडीपीओ अश्विन कुमार, डा०डीएस सिंधू उपनिदेशक पशु पालन, डा०आर के कुंडु, डा०संजय कुमार, डा०सुधीर सिंह, डा०पीपी सिंह,  डा०रणधीर सिंह, हिसार नगर निगम से प्रदीप कुमार, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी हांसी खजान चंद, अग्रोहा से अनिल कुमार, हिसार-2 से संदीप भारद्वाज, नगर परिषद हांसी से जसवंत सिंह, सतबीर सिंह, जितेंद्र कुमार, नगरपालिका बरवाला से दीपक जांभ, नगरपालिका उकलाना के सचिव संदीप सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।