कश्मीर से धारा 370 के खात्मे व सिरसा से नशे के सफाए को लेकर सांसद सुनीता दुग्गल ने बोली यह बड़ी बात
10 अगस्त 2019, 8:37 PM
मीडिया जंक्शन न्यूज
सिरसा। केन्द्र सरकार ने जम्मू एवं कश्मीर के विकास में सबसे बड़ी बाधा धारा 370 को खत्म कर विकास के नए द्वार खोले हैं। सरकार के इस फैसले से जम्मु-कश्मीर व लद्दाख के लोगों को उनके अधिकार मिलेंगे और योजनाओं का समान लाभ भी मिलेगा। सिरसा लोकसभा क्षेत्र की सांसद सुनीता दुग्गल यहां स्थानीय लोक निर्माण विश्राम गृह में पत्रकारों से बातचीत कर रही थी। उन्होंने कहा कि राज्यसभा व लोकसभा में जम्मू एवं कश्मीर में लागू अनुच्छेद 370 हटाए जाने का प्रस्ताव भारी बहुमत से पास हुआ है। उन्होंने कहा कि जब देश एक है तो संविधान और झंडा भी एक होना चाहिए। जम्मु-कश्मीर में धारा 370 हटाना श्याम प्रसाद मुखर्जी को सच्ची श्रद्घांजलि है। उन्होंने कहा कि सरकार के इस फैसले पर अनेक अन्य पार्टियों ने भी सरकार का साथ दिया है। उन्होंने इस कार्य के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व गृहमंत्री अमित शाह का धन्यवाद किया और जम्मु कश्मीर व लद्दाख की जनता को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व गृह मंत्री अमित शाह जम्मु कश्मीर में धारा 370 और 35ए लगाने के नुकसान व हटाने के फायदों के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी दे चुके हैं। एक सवाल के जवाब में उन्होंने बताया कि केन्द्रीय मंत्रालयों में सिरसा लोकसभा क्षेत्र के के विकास व योजनाओं को लागू करवाने का पुरजोर प्रयास करेगी। इससे पूर्व भी उन्होंने लोकसभा में क्षेत्र की समस्याओं को प्राथमिकता से रखा है। उन्होंने कहा कि सांसद जनता व सरकार के बीच में पुल की तरह काम करता है। जिला में विकास योजनाएं लागू करवाने के लिए दिशा की बैठकों में जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठकर केन्द्र सरकार की योजनाओं को धरातल पर उतारने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पहले ये बैठकें त्रैमासिक तौर पर आयोजित की जाती थी अब ये बैठके मासिक तौर पर आयोजित की जाएगी। विकास कार्यों में सांसद निधि योजना का पूर्ण उपयोग किया जाएगा।
विधानसभा चुनावों पर पूछे गए सवाल के जवाब में सांसद ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी 75 से भी अधिक सीटें हांसिल करेगी। उन्होंने कहा कि केन्द्र व प्रदेश सरकार की नीतियों व कार्यक्रमों से जनता प्रभावित है और आज भाजपा का परिवार बड़ा हो रहा है। उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों में भी लोकसभा चुनावों की तरह भारतीय जनता पार्टी अच्छा प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता कर्मठ व ईमानदार है। शहर में बरसाती पानी की निकासी के सवाल पर उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा चलाए जा रहे जल शक्ति कार्यक्रम के माध्यम से जल प्रबंधन प्लान बनाया गया है। इसके तहत रेन हॉरवेस्टिंग को बढावा देकर बरसाती पानी का संरक्षण किया जाएगा। प्रशासन के साथ बैठक कर जलभराव वाले क्षेत्रों का चिह्नित कर समस्या का समाधान किया जाएगा।
प्रशासन के साथ मिलकर नशे के खिलाफ चलाएंगे अभियान
एक अन्य सवाल के जवाब में सुनीता दुग्गल ने कहा कि प्रशासन के साथ मिल कर और एक कार्य योजना बनाकर नशे के खिलाफ अभियान चला कर युवाओं को नशे की लत से छुटकारा दिलाया जाएगा। पत्रकार वार्ता में जिलाध्यक्ष भाजपा यतिंद्र सिंह एडवोकेट, चेयरमैन मार्केट कमेटी डिंग राजबीर गोदारा, जिलाध्यक्ष महिला मोर्चा निताशा सिहाग, पार्षद सुमन शर्मा, जिला पार्षद सदस्य नक्षत्र सिंह, मंडल अध्यक्ष राधेश्याम खुराना, युवा मोर्चा से अतीश लाखलान, सागर केहरवाला, राजेश शर्मा, जगराज सिंह भिवां, बिंदु शर्मा, बलवंत शैली, सुखपाल सिंह सुरतिया सहित भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।


0 Comments