हरियाणा के 4 जिलों की पंचायतों को 13 अगस्त को मिलेंगे सेवन स्टार
10 अगस्त 2019,11:11 PM
मीडिया जंक्शन न्यूज
रोहतक। कृषि एवं पंचायत मंत्री ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि हरियाणा प्रदेश देश का एकमात्र राज्य है जहां की पंचायतें न केवल शिक्षित व प्रशिक्षित हैं बल्कि अपने स्तर पर विकास कार्य करवाने में भी सक्षम हंै। आज वे यहां सर्किट हाऊस में 7 स्टार रेनबो स्कीम को लेकर आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हरियाणा की पंचायतों को विकास कार्यों के लिए 20 लाख रुपये तक की राशि खर्च करने की खुली छूट प्रदान की गई है। ऐसी व्यवस्था देश के किसी अन्य राज्य में नहीं है। धनखड़ ने कहा कि पंचायतें विकास कार्य करवाने के लिए अपने स्तर पर निर्णय लेकर 20 लाख रुपये तक की राशि खर्च कर सकती है। इस राशि को खर्च करने में पंचायत विभाग का कोई हस्तक्षेप नहीं रहता है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों को सामजिक सरोकारों से जोड़ने के उद्देश्य से पंचायतीराज विभाग ने पंचायतों को स्टार ग्रेडिंग देना शुरू किया है जिसमें छ: स्टार प्राप्त करने वाली पंचातयों को 20 लाख रुपये, पांच स्टार प्राप्त करने वाली पंचायतों को 15 लाख रुपये तथा चार स्टार प्राप्त करने वाली पंचायतों को 10 लाख रुपये विभिन्न विकास कार्यों के लिए दिये जाते है। धनखड़ ने कहा कि हमने प्रदेश में अच्छा कार्य करने वाली पंचायतों के लिए सेवन स्टार कार्यक्रम योजना की शुरूआत की है। पंचायतों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर कार्य करने वाली पंचायतों को स्टार ग्रेडिंग दी जाती है। पंचायतों में गांव की लिंगानुपात की समानता, स्कूलों में छात्रों की ड्रोप आउट संख्या में कमी लाना, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, गांव में हिंसा न होना, सामूहिक योगदान से गांव में आर्थिक सहयोग कर विकास कार्य करवाना, सामाजिक सहभागिता आदि को मानदंड मानकर स्टार दिये जाते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने प्रदेश में पंचायतों को शिक्षित करने के साथ-साथ प्रशिक्षित भी किया है। प्रदेश् सरकार ने पंचायतीराज विभाग की ओर से सभी पंचायतों को पांच-पांच दिनों की रिहायशी ट्रेनिंग दी है। इसके अलावा पंचायतीराज की ओर से 3 महीने का सर्टिफिकेट कोर्स भी करवाया जा रहा है। स्वेच्छा से कोई भी पंचायतीराज का सर्टिफिकेट कोर्स करना चाहता है तो पंचायतीराज विभाग यह कोर्स करवाने का खर्च स्वयं वहन करेगा। हमने पंचायतों को शिक्षित कर उन्हें समर्थ बनाकर गांव के विकास के लिए काबिल बनाया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की पंचायतें पढ़ी लिखी होने के नाते केवल गांव की गलियों, नालियों अथवा चौपालों के लिए ही कार्य नहीं करती, अपितु आज पंचायतें सामाजिक सरोकारों के लिए भी कार्य करती है। जिसमें देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा चलाया गया स्वच्छता अभियान हो जिसमें 2018 में पूरे देश में हरियाणा प्रदेश को स्वच्छता के क्षेत्र में ग्रामीण हरियाणा स्वच्छता पुरस्कार प्राप्त हुआ।
13 को रोहतक एमडीयू में होगा कार्यक्रम
कृषि एवं पंचायत मंत्री ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि 13 अगस्त को महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के टैगोर सभागार में पंचायतीराज विभाग की ओर से राज्य स्तरीय सेवन स्टार इन्द्रधनुष पुरूस्कार समारोह आयोजित किया जायेगा, जिसमें केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री नरेंद्र तोमर मुख्यातिथि होंगे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में सहकारिता मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर शिरकत करेंगे। रोहतक के सांसद अरविंद शर्मा व बहादुरगढ़ के विधायक नरेश शर्मा की कार्यक्रम में गरिमयी उपस्थिति रहेगी। इस समारोह में चार जिलों की पंचायतों को स्टार पुरूस्कार दिये जायेंगे।
इस प्रकार होगा स्टार ग्रेडिंग के लिए पंचायतों का चयन
12 अगस्त को अलॉटमेंट होंगे पंचायतों को स्टार। दो स्तरीय जांच कमेटी पंचायतों को स्टार अलॉटमेंट करेगी जो राज्य स्तर पर तथा जिला स्तर पर स्टार देगी। पंचायतों में गांव की लिंगानुपात की समानता पर तीन स्टार मिलेंगे, स्कूलों में छात्रों की ड्रोप आउट संख्या में कमी लाने पर तीन स्टार मिलेंगे, पर्यावरण संरक्षण थ्री स्टार, स्वच्छता पर फाईव स्टार, गांव में हिंसा न होने पर सेवन स्टार, सामूहिक योगदान से गांव में आर्थिक सहयोग कर विकास कार्य करवाना, सामाजिक सहभागिता पर सेवन स्टार मिलेंगे।


0 Comments