5 दिन से जिंदगी की जंग लड़ रही उन्नाव दुराचार पीड़िता
2 अगस्त 2019, 9:10 PM
मीडिया जंक्शन न्यूज
लखनऊ। उन्नाव दुराचार पीड़िता पिछले पांच दिन से लखनऊ स्थित केजीएमयू आईसीयू में जिंदगी व मौत के बीच जूझ रही है। डॉक्टरों के मुताबिक पीड़िता के शरीर पर 6 जगह फ्रैक्चर हुए हैं और उसका करीब 3 यूनिट खून बह चुका है। बता दें कि रायबरेली में 28 जुलाई को हुए इस हादसे में पीड़िता की चाची और मौसी की मौत हो गई थी जबकि पीड़िता व उसका वकील दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। आरोप है कि यह दुर्घटना भाजपा विधायक कुलदीप सेंगर के इशारे पर ही करवाई गई थी क्योंकि ये सभी कोर्ट में गवाही देने जा रहे थे। बताया जा रहा है कि पीड़िता की मां आईसीयू के बाहर ही रहती है। मां बाहर निकलने वाले हर डॉक्टर से पूछती है कि मेरी बिटिया अब कैसी है। हालांकि, अब पूरे परिवार को सुरक्षा के घेरे में ले लिया गया है। पहले पीड़िता का परिवार रोज मीडिया से बातचीत करता था, लेकिन शुक्रवार को किसी ने बातचीत नहीं की। सुप्रीम कोर्ट ने इस पूरे मामले से जुड़े सभी केसों को दिल्ली ट्रांसफर करने के निर्देश दिए थे। हादसे का केस जांच पूरी होने के बाद ट्रांसफर किया जाएगा। कोर्ट ने पीड़िता के परिवार को सुरक्षा मुहैया कराए जाने के निर्देश भी दिए थे।
जानें क्या है उन्नाव कांड की पूरी कहानी
पीड़िता से 2017 में सामूहिक दुष्कर्म हुआ था। आरोप है कि विधायक कुलदीप सेंगर और अन्य ने नौकरी दिलाने के बहाने लड़की से दुष्कर्म किया। पीड़िता उस वक्त नाबालिग थी। बाद में पीड़िता के पिता की पुलिस हिरासत में मौत हो गई। आरोप है कि उसके पिता से विधायक ने ही मारपीट की थी। पिता की मौत के बाद पीड़िता ने लखनऊ में मुख्यमंत्री आवास के सामने आत्मदाह की कोशिश की थी। इसके बाद एसआईटी को जांच सौंपी गई थी। अभी जांच सीबीआई के पास है। बुधवार को भाजपा ने विधायक सेंगर को पार्टी से निष्कासित कर दिया। सेंगर अभी सीतापुर की जेल में है।


0 Comments