सीएम मनोहर लाल का दावा 69 हजार युवाओं को बिना खर्ची बिना पर्ची दी सरकारी नौकरी, 4.90 लाख युवाओं को प्राईवेट कंपनियों में दिलाया रोजगार


सीएम मनोहर लाल का दावा 69 हजार युवाओं को बिना खर्ची बिना पर्ची दी सरकारी नौकरी, 4.90 लाख युवाओं को प्राईवेट कंपनियों में दिलाया रोजगार 

25 अगस्त 2019, 2:30 PM  
हरियाणा मीडिया जंक्शन 
चंडीगढ़। भाजपा सरकार ने हरियाणा में पांच साल के कार्यकाल में 69 हजार से अधिक युवाओं को बिना खर्ची और बिना पर्ची के योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरी दी है। यही नहीं प्राइवेट सेक्टर में भी 4 लाख 90 हजार युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाया गया है जिसके कारण युवाओं का सरकार के प्रति विश्वास बढ़ा है। यह दावा किया है हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने। सीएम ने कहा कि प्रदेश में शिक्षा का स्तर सुधारने के लिए शैक्षणिक व्यवस्था को मजबूत किया गया है। महिलाओं की उच्च शिक्षा के लिए पिछले पांच साल में 29 नए महाविद्यालयों की स्थापना की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि खेलों में हरियाणा सबसे अधिक प्रोत्साहन राशि दे रहा है। खेलों में सबसे अधिक मैडल हरियाणा के खिलाडिय़ों ने लिए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की पारदर्शी योजनाओं से हर वर्ग खुश है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार युवाओं की पथ प्रदर्शक बनकर कार्य कर रही है। उन्होंने स्वामी विवेकानन्द को युवाओं का आदर्श बताते हुए कहा कि युवाओं को जोश के साथ होश रखना जरूरी है, वरना लक्ष्य से भटकने का अंदेशा बना रहता है। उन्होंने कहा कि सरकार ने युवाओं के चहुंमुखी विकास के लिए प्रदेश में हरियाणा राज्य युवा नीति-2019 बनाई है। हरियाणा देश का पहला राज्य है, जहां पढ़े-लिखे बेरोजगार युवाओं को सक्षम युवा योजना के तहत हर महीने 100 घंटे काम की गारंटी है। इसके लिए बेरोजगारी भत्ते को मिलाकर 9000 रुपये मासिक दिए जाते हैं। राज्य में 75 हजार 909 युवाओं को सरकार के विभिन्न विभागों और संगठनों में काम दिया गया है। उन्होंने केन्द्र सरकार द्वारा जम्मू कश्मीर के संबंध में अनुच्छेद 370 के मामले में लिए गए निर्णय को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि देश के पहले गृह मंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल की कल्पना को देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा गृह मंत्री अमित शाह ने पूरा कर दिखाया है। हरियाणा मीडिया जंक्शन Haryana Media Junction


Post a Comment

0 Comments