फैशन ट्रेंड : आया जमाना एथनिक वेयर का फैशन ट्रेंड : आया जमाना एथनिक वेयर का

फैशन ट्रेंड : आया जमाना एथनिक वेयर का 
फैशन के मामले में रहें अप-टू-डेट 

अब वह जमाना नहीं रहा कि शादी-ब्याह में वॉर्डरोब में रखा वही एक पुराना कुर्ता या लहंगा पहना जाए। अब एथनिक वेयर भी ट्रेंडी और काफी रोचक बन गए हैं। नए-नए शोख और पेस्टल शेड्स, गोटा-पट्टी, कलमकारी, जरी, बांधनी जैसे पारंपरिक डिजाइन्स और वर्क्स की वापसी ने एथनिक वेयर्स में नवीनता भरने का काम किया है। हम यहां आपको नए जमाने के एथनिक वेयर ट्रेंड्स से रूबरू करा रहे हैं। दोस्त की शादी हो या कोई त्यौहार एथनिक वेयर ऐसे खास मौकों को फैशनेबल बनाते हैं। आपके लहंगे, साड़ी, ड्रेस को ट्रेंडी बनाए रखने के लिए आज हम आपको बता रहे हैं कि इन दिनों एथनिक वेयर में किस तरह के कॉम्बिनेशन, आकार और कलर ट्रेंड कर रहे हैं। ताकि आपका एथनिक वेयर कलेक्शन फैशन के मामले में अप-टू-डेट रहे।

आकार के साथ करें प्रयोग
एथनिक वेयर का असली मजा तो लहंगा चोली, कुर्ता, साड़ी इत्यादि में ही है, इसलिए इन्हें बदलने के बजाय इन्हें ट्रेंडी बनाने के लिए इनके शेप और साइज के साथ प्रयोग करें। मैत्रीय लेबल की फाउंडर, डिजाइनर पायल जैसवाल कहती हैं, बेसिक सलवार की जगह ज्यादा प्लीट्सवाला सलवार चुनें। ब्लाउज में अलग-अलग नेकलाइन और लेंथ आजमाएं। साड़ी पर फुल लेंथ कुर्ती-कम-ब्लाउज, क्रॉप टॉप, आॅफ शोल्डर ब्लाउज पहन सकती हैं। वैसे साड़ी के साथ ब्लेजर्स और फॉर्मल शर्ट्स भी आपके एथनिक लुक को अनूठा बनाएंगे। वहीं ड्रेस में ज्यादा घेरवाली कुर्ती, अंगरखा, स्ट्रेट फिट कुर्ती, फ्रंट स्लिट कुर्ती चलन में हैं। इनके साथ स्ट्रेट पैंट्स से लेकर, फ्रिल वाले पलाजोज पहन सकती हैं। लहंगा पहन रही हों, तो टिपिकल फ्रिल वाले लहंगे की बजाय फिश कट, दो टियर वाला लहंगा भी आजमा सकती हैं। शरारा, गरारा, ड्रेप्ड साड़ी, ज्यादा कलीवाला लहंगा, कुर्ती या फिर ट्रेंडी ब्लाउज, काउल हेम, साइड स्लिट, ए लाइन जैसे कट्स और फ्रिल्स वाले आउटफिट्स चुनें। स्लीव्स में भी काफी नए तरह के शेप्स बाजार में उपलब्ध हैं। रफल्ड स्लीव्स से लेकर वन शोल्डर, कोल्ड शोल्डर, स्लिट शोल्डर, पफ़्ड स्लीव्ज के साथ प्रयोग कर आप अपने लुक में नयापन ला सकती हैं। बाजार में रेडी टू ड्रेप साड़ियां भी उपलब्ध हैं, चाहें तो इनमें से कोई चुन सकती हैं या फिर अपने बॉडी शेप के मुताबिक कुछ नए अंदाज में साड़ी को ड्रेप करके खास लुक पा सकती हैं।

नए कॉम्बिनेशन्स चुनें
फैशन एक्स्पर्ट्स के मुताबिक, जरूरी नहीं कि साड़ी के साथ ब्लाउज ही पहनें या कुर्ती के साथ पैंट्स या लेगिंग्स। अपनी सहजता और बॉडी टाइप के अनुसार अलग-अलग कॉम्बिनेशन्स आजमाएं। ब्लाउज को धोती के साथ पहनें और उसपर हैवी दुपट्टा कैरी करें। या फिर सादे कलीदार लहंगे के साथ फैन्सी कट वाला ब्लाउज पहनें। इसपर भी हैवी दुपट्टा खूब जंचेगा। आजकल वैसे भी हैवी दुपट्टे का चलन है। इनका फायदा यह है कि आप इन्हें आसानी से मिक्स ऐंड मैच कर सकती हैं। कुर्ती के साथ स्कर्ट, धोती पहनना भी नया ट्रेंड है। ट्यूनिक के साथ दुपट्टे को बेल्ट के अंदर, क्रॉप टॉप के साथ शरारा पैंट्स या सिगरेट पैंट्स या क्यूलॉट्स भी पहन सकती हैं। प्रिंटेड या एम्बेलिश्ड सेपरेट्स के साथ शीर या हल्की कढ़ाईवाले जैकेट भी जंचेंगे। यदि पलाजोज और टॉप पहन रही हों, तो इसके साथ समान रंग के शॉर्ट मेश जैकेट भी खूब जंचेंगे। मुलायम फैब्रिक की साड़ी को लेगिंग्स के साथ पहन सकती हैं। कैन-कैन लगे हुए घेरदार स्कर्ट के ऊपर भी साड़ी को ड्रेप कर नायाब लुक पा सकती हैं।

नए शेड्स में रंग जाएं
एथनिक वेयर में चटक, शोख रंग तो हमेशा ही चलन में रहेंगे। पारंपरिक एथनिक वेयर शेड्स मरून, गोल्डन, डार्क ब्लू, पीले, लाल के साथ नए शेड्स जोड़कर आप अपने लुक को भीड़ से अलग बना सकती हैं। पेस्टल्स में पाउडर पिंक, सी ग्रीन, लाइट ब्लू और उसमें किसी ब्राइट कलर की हल्की-सी छटा का संयोजन आपको किसी बॉलिवुड सेलेब से कम नहीं दिखाएगा। पीले की बजाय मस्टर्ड या सूर्यमुखी पीला, गहरे हरे के बजाय मिंट ग्रीन, एमरल्ड ग्रीन, बेसिक ब्लू की बजाय ऐक्वा शेड्स आजमाएं।

सिल्वर ज्वेलरी आजमाएं
पहले के समय में एथनिक वेयर के साथ केवल गोल्डन के अलग-अलग शेड्स की ज्वेलरी पहनी जाती थी, लेकिन आजकल सिल्वर को भी एथनिक वेयर के साथ स्टाइल किया जा रहा है। सच तो यही है कि ये सिल्वर ऐक्सेसरीज एथनिक लुक को सबसे ज्यादा ट्रेंडी और लाजवाब बना रही हैं। जहां तक बात है, किस आउटफिट के साथ क्या पहनें, तो पायल कहती हैं,यदि आपका आउटफिट काफी हैवी है, तो केवल बड़ी-सी ईयरिंग्स पहनें। हैवी आउटफिट पर गले में ज्यादा कुछ न पहनें और हो सके तो कुछ भी न पहनें। इसके अलावा यदि आप सादी ड्रेस पहन रही हों, तो उसे फेस्टिव टच देने के लिए आप ढेर सारी ट्रेंडी ज्वेलरीज पहन सकती हैं। जैसे हैवी ईयरिंग्स, फिंगर रिंग्स या चोकर या फिर लॉन्ग स्टेटमेंट नेकपीस। मोटी पायल और हैंड कफ़्स या बाजूबंद भी आजकल चलन में हैं। मांग टीका, पासा (झूमर), या पतले चेन वाली माथा पट्टी को भी आप स्टेटमेंट पीस की तरह पहन सकती हैं। लेकिन फिर चेहरे के आसपास कोई भी ज्वेलरी न पहनें। यदि आपको कुछ क्वर्की यानी कि अतरंगी ऐक्सेसरीज पहनने का मन हो, तो उम्दा और अनूठे शेप्स वाली ज्वेलरी पहनें। पतली चेन में चोकर, ट्विन रिंग्स, टो रिंग्स, पैटर्न्ड नेकपीसेस भी खूब चलन में हैं। सिल्वर ज्वेलरी में हैवी नेकपीस के साथ-साथ फैन्सी नोज पीन आपके पूरे लुक को ड्रमैटिक बना सकते हैं।

ऐक्सेसरीज हों खास
एथनिक लुक में एक और चीज बहुत मायने रखती है, वह है फुटवेयर और हैंड ऐक्सेसरीज। फैन्सी, डिजाइनर क्लचेस और पोटली बैग्स ने रेड कार्पेट से लेकर रूटीन फंक्शन्स तक में अपनी खास जगह बना ली है। बॉक्स क्लच, फ़्लैट क्लच, बड़े साइज के हैंड पर्स के साथ-साथ अलग-अलग शेप, साइज और रंगों की एम्बेलिश्ड पोटली बैग्स का इस्तेमाल करें। यदि साड़ी या लहंगा पहन रखा है और क्लच नहीं कैरी करना चाहती हैं, तो कमर में अटकानेवाले एम्बेलिश्ड मोबाइल पॉकेट्स का इस्तेमाल कर सकती हैं। पलाजोज और धोती पैंट्स जैसे एथनिक स्टाइल्स कैरी करते समय एम्बेलिश्ड सैंडल्स चुनें। एकदम चटक गोल्डन रंग की बजाय डल गोल्ड, कॉपर, रोज गोल्ड और आॅक्सिडाइज्ड सिल्वर के सैंडल्स चुनें।

चुनें बॉडी टाइप के अनुसार
यदि आप पतली-दुबली और लंबी हैं, तो लहंगा साड़ी या फिर फ़्लोर लेंथ अनारकली पहनें। वहीं यदि आप कर्वी हैं या आपका वजन थोड़ा ज्यादा है, तो शरारा के साथ स्ट्रेट कुर्ता पहनें। यदि आप छोटे कद की हैं, तो गरारा के साथ शॉर्ट फिटेड कुर्ता पहनें। आप जिस आउटफिट में सबसे ज्यादा सहज महसूस करें, उन्हें ही चुनें, केवल ट्रेंड को फॉलो करने के चक्कर में न रहें।

Post a Comment

0 Comments