जिस कांग्रेसी नेता को भी खाने का मौका मिला, पीछे नहीं हटा
मुख्यमंत्री मनोहर लाल बोले, सीबीआई की रडार पर हैं कांग्रेस के भ्रष्ट नेता, न खाएंगे न खाने देंगे
नाम लिए बिना कांग्रेस नेता कुलदीप बिश्नोई पर साधा निशाना
हरियाणा मीडिया जंक्शन । 29 अगस्त 2019, 11:39 AM
फरीदाबाद। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि कांग्रेस के अधिकतर नेता सीबीआई के राडार पर है। जिस कांग्रेसी नेता को भी खाने का मौका मिला, जनता के खून-पसीने की कमाई खाने से पीछे नहीं हटा। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कांग्रेस पी वी चिदम्बरम तो सीबीआई के शिकंजे में आ चुके हैं और दुनिया के 12 देशों में उनकी संपत्ति मिली है। हरियाणा के एक कांग्रेसी नेता भी जो कभी कांग्रेस में तो कभी भाजपा में जाने की बात कहता है तो कभी सीएम बनने के सपने देखता है कभी वह विदेश चला जाता है, सीबीआई ने उसको हरियाणा में लपेटा है और 3 दिन पहले पता चला है कि गुडगांव में इनकम टैक्स विभाग ने करीब डेढ़ सौ करोड़ का उसका होटल जब्त किया है। वे यहां पृथला विधानसभा क्षेत्र के कैली गांव में जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान एक विशाल जनसमूह का संबोधित कर रहे थे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भ्रष्टाचारियों के खिलाफ चलाए गए अभियान की प्रशंसा करते हुए कहा कि मोदी जी ने कहा है ना खाऊंगा ना खाने दूंगा और हमने मोदी जी के नारे में एक लाइन और जोड़ते हुए कहा कि भ्रष्टाचारियों ने जनता का जो पैसा खाया पिया है उसको निकाल देंगे और वापिस जनता को सौंप देंगे।
हरियाणा में अब गुंडों की शामत, सभी गिरोहों का सरेंगे सफाया
सीएम ने कहा कि कांग्रेसी शासन के दौरान भ्रष्टाचार के अनेक किस्से हुए हैं जिस भी नेता को जहां से खाने को मिला वह जनता के गाडे खून पसीने की कमाई खाने से पीछे नहीं हटा। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे अब गुंडागर्दी करने वालों को कतई नहीं बख्शेंगे। उन्होंने कहा कि वह इलाके के चैन को किसी भी कीमत पर छीनने नहीं देंगे और प्रदेश के सभी गिरोहों को साफ कर देंगे। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष के मामले में आपसी द्वंद पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस को गांधी परिवार से बाहर राष्ट्रीय अध्यक्ष नहीं मिल रहा। उन्होंने कहा कि श्रीमती सोनिया गांधी को फिर कांग्रेस का राष्ट्रीय अध्यक्ष बना दिया है । उन्होंने कहा कि हरियाणा में भी कांग्रेस का ऐसा ही हाल है न तो प्रदेश अध्यक्ष स्थाई दिख रहा है और ना ही विधायक दल का नेता
भाजपा सरकार ने 5 साल में प्रदेश को बनाया खुशहाल
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार ने पिछले 5 वर्ष के दौरान हर वर्ग के लिए कल्याणकारी नीतियां लागू करके प्रदेश को खुशहाल किया है। राज्य के करीब 4100 गांव में 24 घंटे बिजली दी जा रही है हर घर में गैस का सिलेंडर दे दिया गया है और अगले कार्यकाल में राज्य के प्रत्येक व्यक्ति की रसोई में नल से जल पहुंचाने की योजना है। इससे पहले भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और विधायक सुभाष बराला ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि पिछली सरकारों में लूट खसोट का काम होता था परंतु हमारे ईमानदार मुख्यमंत्री ने नई व्यवस्था लागू करके एक नया हरियाणा बनाने की ओर कदम बढ़ाया है।


0 Comments