पूर्व सीएम हुड्डा बोले, खट्टर सरकार धोखा है, हरियाणा बचा लो एक मौका है
परिवर्तन कार्यकर्ता सम्मेलन में चौ. भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने कार्यकतार्ओं को दिया एक लक्ष्य
मीडिया जंक्श न्यूज
रोहतक। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री चौ. भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने कार्यकर्ताओं को एक ही लक्ष्य दिया है और वह यह है कि खट्टर सरकार धोखा है, हरियाणा बचा लो मौका है और इसी लक्ष्य के साथ उन्होंने आगामी 18 अगस्त को रोहतक के मेला ग्राउंड में आयोजित परिवर्तन महारैली में लाखों की संख्या में पहुंचने का आह्नान किया। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि 5 साल पहले विधानसभा चुनाव हुए थे, तब भारतीय जनता पार्टी ने लोगों से 154 वायदे किये थे। लोगों को इनसे काफी आशाएं थीं। अब 5 साल बाद फिर से विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं, लेकिन लोगों की आशा अब निराशा में बदल चुकी है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने 3 बार हरियाणा को जलाने का काम किया और दूसरों पर दोष मढ़ रहे हैं। उन्होंने कड़ा रुख दिखाते हुए ऐलान किया कि जब कभी मौका आया तो जिसने भी हरियाणा को जलाया उसको कब्र से निकाल कर सजा दिलायेंगे। उन्होंने कहा कि हरियाणा में मोदी लहर नहीं है बल्कि इस सरकार ने 5 साल में क्या काम किया है उसकी परीक्षा है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा अहंकार में डूबी है और प्रचार कर रही है कि अब की बार 75 पार करेगी। 18 अगस्त को रोहतक मेला ग्राउंड में आपका संकल्प पूर्ण सहयोग मिला तो भाजपा 15 का आंकड़ा भी पार नहीं करेगी। परिवर्तन महारैली का एक ही लक्ष्य है कि अपनी सरकार बनानी। उन्होंने भाजपा सरकार पर वादाखिलाफी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा ने पिछले चुनाव के समय किसानों को कहा था फसलों का उचित भाव देंगे लेकिन किसान को भाव मिलना तो दूर किसान मंडियों में बैठा रहता है उसको खरीददार नहीं मिलते। वहीं उन्होंने अपनी सरकार के समय 3 लाख 82 हजार गरीबों को मुफ्त प्लॉट दिये। उन्होंने सवाल किया कि इस सरकार ने किसी गरीब को एक भी प्लॉट दिया हो तो बता दे। गरीबों के लिये बनी दाल-रोटी योजना तक को बंद कर दिया। कर्मचारी सड़कों पर हैं। बीते 5 सालों में प्रदेश की कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ गयीं। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार के समय हरियाणा में सबसे कम बेरोजगारी दर यानी 2.8 प्रतिशत थी, जो बीते 5 सालों में बढ़कर 8.8 प्रतिशत पर पहुंच गयी। ये दर पूरे भारत में केरल के बाद सबसे ज्यादा बेरोजगारी दर है। नौकरियों में पारदर्शिता का ये हाल है कि इंजीनियरिंग किये हुए युवा ग्रुप डी की नौकरियों के लिये फार्म भर रहे हैं। जिससे जो कम पढ़े-लिखे हैं वो ग्रुप डी की नौकरी के अवसरों से वंचित हो गये।
भाजपा सरकार को हरियाणा से बाहर करना जरूरी : दीपेंद्र
इससे पहले कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य व पूर्व सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने कार्यकतार्ओं से कहा कि हरियाणा की राजनीति निर्णायक दौर में पहुंची है। इस सरकार को यदि कोई बदल सकता है तो आप और हम मिलकर बदल सकते हैं। भाजपा सरकार को हरियणा से बाहर करना आवश्यक है। इस सरकार ने हरियाणा का बहुत नुकसान कर दिया है। जो हरियाणा विकास में नंबर 1 पर था, उस हरियाणा को विनाश में नंबर 1 करके दिखाया है। भाजपा सरकार ने अपनी राजनीति के लिये समाज के भाईचारे की बलि चढ़ा दी। ऐसी सरकार जिसमें समाज को तोड़ने के नारे चले, ऐसी सरकार जिसने राजधर्म का पालन नहीं किया, ऐसी सरकार जिसने हरियाणा के स्वाभिमान को रौंदते हुए भाई-भाई में फर्क किया गया। भाईचारे में दरार पैदा कर दी ऐसी सरकार को चलता करना है।उन्होंने कार्यकतार्ओं में जोश भरते हुए कहा कि अगला चुनाव हरियाणा के भविष्य का चुनाव है, इस सरकार के कार्यकाल का हिसाब मांगने का चुनाव है। आज हरियाणा की जनता आपकी तरफ देख रही है। इस चुनौती को निभाने का समय आ गया है। पूरा प्रदेश हमारी तरफ देख रहा है। ये उसूल, सिद्धांत, सच्चाई की लड़ाई है। अब आपको फैसला लेना होगा कि हरियाणा में जिस तरह के पिछले 5 साल देखे क्या अगले 5 साल वैसे ही देखना चाहते हैं या हरियाणा को दूसरी दिशा में अच्छे भविष्य की तरफ, विकास और भाईचारे की तरफ ले जाना चाहते हैं।



0 Comments