सावधान हरियाणा ! स्कूलों में दूषित मानसिकता वाले पुरुष अध्यापकों से बेटियों को बचाओ



सावधान हरियाणा ! स्कूलों में दूषित मानसिकता वाले पुरुष अध्यापकों से बेटियों को बचाओ

कालांवाली के इस अध्यापक ने पूरे शिक्षक समाज पर लगा डाला कलंक 

मामला पहुंचा राज्य महिला आयोग, आयोग की टीम ने विद्यालय पहुंच ली जानकारी




10 अगस्त 2019, 9:36 PM
मीडिया जंक्शन न्यूज
कालांवाली। यह खबर हर उस अभिभावक के लिए जरूरी है जिनकी बेटियां स्कूल में पढ़ने के लिए जा रही हैं। यदि आपकी भी बेटी या बहन स्कूल में पढ़ने जाती है तो आप उस स्कूल के पुरुष अध्यापकों की गतिविधियों पर नजर अवश्य रखिएगा। क्योंकि स्कूलों में शिक्षक के रूप में कुछ ऐसे भेड़िए तैनात हो गए हैं जो हमारी बहन-बेटियों पर बुरी नजर रख रहे हैं। यकीन नहीं आ रहा तो कालांवाली के राजकीय सीनियर सैकेंडरी स्कूल में तैनात एक शिक्षक की ताजा करतूत को ही सुन लीजिए। आरोप है कि यह शिक्षक अपनी ही छात्रा को फोन कर अश्लील बातें करने लगा था। छात्रा को बार-बार फोन कर कई दिन से परेशान कर रहा था यह शैतान । पुलिस ने इस मामले में मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी शिक्षक की गिरफ्तारी को छापेमारी जारी है। वहीं इस मामले को लेकर आज राज्य महिला आयोग की टीम स्कूल पहुंची। महिला आयोग सदस्य सुमन बेदी ने स्टाफ सदस्यों की बैठक ली और इस मामले के बारे विस्तारपूर्वक जानकारी ली। उन्होंने स्कूल की छात्रा व अन्य छात्राओं से भी मुलाकात की और इस मामले में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंंने सरकार द्वारा महिलाओं और बच्चियों को सुरक्षित माहौल प्रदान करने के लिए चलाए जा रहे दुर्गा शक्ति, महिला थाना, महिला हेल्पलाइन 1091 जैसे प्रयासों के बारे में विस्तार से बताया। इससे पूर्व सुमन बेदी ने उपायुक्त अशोक कुमार गर्ग से भी उनके कार्यालय में मुलाकात की और महिला सैल्फ हैल्प गु्रप, सखी केंद्र, नशा मुक्ति केन्द्रों बारे में भी जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर एसडीएम निर्मल नागर, डीएसपी नर सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी राजेश चौहान सहित खंड शिक्षा अधिकारी व स्कूल स्टाफ मौजूद रहा।

आरोपी अध्यापक सस्पेंड, जल्द होगी गिरफ्तारी
पत्रकारों से बातचीत में सुमन बेदी ने बताया कि पुलिस प्रशासन द्वारा मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि छात्रा की काउंसलिंग की जा चुकी है तथा शिक्षा विभाग द्वारा भी आरोपी अध्यापक को निलंबित किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा मामले पर तेजी से कार्रवाई की जा रही है तथा जल्द ही अध्यापक पुलिस की गिरफ्त में होगा। उन्होंने बताया कि स्कूल की बालिकाओं के लिए एंटी सेक्सुअल हरासमेंट कमेटी भी बनाई गई है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार महिलाओं के हितों के लिए गंभीर है। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रयास हर स्तर पर किए जा रहे हंै।

छात्राओं से संवाद करती रहें महिला शिक्षक 
बैठक के दौरान महिला आयोग सदस्य सुमन बेदी ने महिला शिक्षकों से कहा कि वे छात्राओं से संवाद करते रहें और उन्हें अपने बच्चों की तरह ही समझें और आपसी तालमेल कायम करें। उन्होंने कहा कि बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ संस्कार भी दें। उन्होंने महिला अध्यापिकाओं से कहा कि वे स्कूल में ऐसा वातावरण बनाएं जिसमें छात्राएं खुलकर अपनी बात या समस्याएं उनके समक्ष रख सकें। स्कूल प्रशासन द्वारा शिकायत पेटी माह में एक बार खोली जाती है जो कि बहुत लंबा समय है। अत: उन्होंने स्कूल प्रशासन को निर्देश दिए कि वे प्रत्येक सप्ताह में एक बार शिकायत पेटी खोलें और शिकायतों की जांच करें।


Post a Comment

0 Comments