भव्य बोले आदमपुर का स्वर्णिम दौर वापिस लाने को संकल्पबद्ध हैं कुलदीप बिश्नोई
9 अगस्त 2019, 10:14 PM
संदीप कम्बोज। मीडिया जंक्शन
आदमपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य भव्य बिश्नोई ने कहा कि आदमपुर ने हमेशा परिवार की तरह हमारा साथ दिया है। हर अच्छे-बुरे दौर में आदमपुर हलके की जनता ने कुलदीप बिश्नोई को मजबूती दी है। चौ. भजनलाल के बाद कुलदीप बिश्नोई ने भी आदमपुर हलके की जनता के हितों के लिए हमेशा हर मंच से लड़ाई लड़ी है। भले ही वे सत्ता तक न पहुंच पाए हो, लेकिन हलके की की आवाज को बुलंद करने और क्षेत्र का स्वर्णिम दौर वापिस लाने में उन्होंने कोई कोर कसर नहीं छोड़ी। राजनीतिक परिस्थितियां हमेशा एक जैसी नहीं रहती हैं। कुलदीप बिश्नोई आदमपुर का स्वर्णिम दौर वापिस लाने के लिए संकल्पबद्ध हैं। कार्यकर्ताओं को मजबूती के साथ लोगों के बीच कुलदीप व कांग्रेस की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाना है और विरोधियों के दुष्प्रचार के बारे में लोगों को बताना है। वे आज आदमपुर अनाज मंडी कार्यालय में कार्यकर्ताओं से बातचीत कर रहे थे। इसके उपरांत उन्होंने हलके के आधा दर्जन गांवों में विभिन्न जलपान कार्यक्रमों में भाग लिया तथा लोगों के सुख-दुख में शिरकत की। भव्य ने कहा कि पिछले 50 वर्षों से आदमपुर व भजनलाल परिवार एक दूसरे की पहचान है। चौ. भजनलाल ने अपने शासनकाल में आदमपुर में इतना विकास व रोजगार लोगों को दिया, जिसकी झलक आज भी हर गांव में मिलती है। वे ऐसा तभी कर पाए जब प्रदेश के मुख्यमंत्री पद तक पहुंचे। हलके की राजनीतिक ताकत को वापिस लाने के लिए उन्होंने लंबी लड़ाई लड़ी है और राजनीतिक ईमानदारी से संघर्ष किया है। उनका संघर्ष जरूर रंग लाएगा और आगामी विधानसभा चुनाव में जनता अपने-पराए की पहचान करते हुए मतदान करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा के सांसद ने वोट लेते हुए जनता को अपना असली रंग दिखाना शुरू कर दिया और बिजली, पानी जैसी समस्याओं को दूर करवाने से अपने हाथ खींच लिए। लोकसभा क्षेत्र की जनता को तो यह भी पता नहीं कि काम करवाने के लिए सांसद के पास मिलने कहां जाएं। मोदी लहर और राष्ट्रीय मुद्दों पर आधारित रहा लोकसभा चुनाव की तरह विधानसभा चुनाव पूरी तरह से अलग होगा और स्थानीय प्रत्याशी व स्थानीय मुद्दों के आधार पर लोग फैसला लेंगे। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

0 Comments