आदमपुर का विकास ही कुलदीप बिश्नोई का लक्ष्य : भव्य बिश्नोई
बोले, कांग्रेस की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएं कार्यकर्ता
9 अगस्त 2019, 10: 07 PM
संदीप कम्बोज/मीडिया जंक्शन
आदमपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य भव्य बिश्नोई ने हलके के गांव ठसका, जाखोद, काजला, सदलपुर, मोढाखेड़ा तेलनवाली, मंडी आदमपुर, आदमपुर गांव, बुढ़ाक, भाणा, खैरमपुर, फ्रांसी में अनेक जलपान कार्यक्रमों में भाग लिया तथा लोगों के सुख-दुख में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने कार्यकत्र्ताओं से विचार विमर्श किया तथा बूथ स्तर तक पार्टी की और ज्यादा मजबूती के लिए रणनीति बनाई। उन्होंने कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान करते हुए कहा कि एक माह बाद आचार संहिता लग जाएगी। लोकसभा व विधानसभा चुनाव में मुद्दे अलग होते हैं, इसलिए सभी को कुलदीप बिश्नोई, कांग्रेस की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि देश, प्रदेश में बेरोजगारी चरम पर है। पिछले छह माह में ही अकेले आॅटो सेक्टर में साढ़े तीन लाख लोगों की नौकरियां गई हैं। सरकारी नीतियों की वजह से उद्योग, धंधे बंद होते जा रहे हैं, जिससे बेरोजगारी बढ़ रही है। राज्य पर कर्ज को बोझ लगातार बढ़ता जा रहा है। पिछले पांच साल में प्रदेश सरकार ने 80 हजार करोड़ रूपए कर्जा लेकर राज्य के हर नागरिक को कर्जदार बना दिया है। प्रदेश पर 1,40,000 करोड़ का कर्ज हो गया है। उन्होंने कहा कि सरकार को बढ़ती बेरोजगारी की तरफ ध्यान देना होगा और युवाओं को रोजगार के लिए नीतियां लागू करनी होंगी। उन्होंने कहा कि आदमपुर हलके का चहुंमुखी विकास ही कुलदीप बिश्नोई का लक्ष्य है और उनको मजबूती देकर ही हम हलके को उन्नति की तरफ ले जा सकते हैं। आदमपुर हलके की जनता आगामी विस चुनाव में कुलदीप बिश्नोई को मजबूती देगी। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

0 Comments