सावधान ! कौन है आपका किराएदार, कौन है आपका नौकर ?
हिसार पुलिस ने किरायेदारों व घरेलू नौकरोें के पुलिस सत्यापन के संबंध में जारी की एडवाइजरी
10 अगस्त 2019,11:36 PM
मीडिया जंक्शन न्यूज
हिसार। हिसार शहर के वे नागरिक ध्यान दें जिनके घर में कोई किराएदार रह रहे हैं या फिर किसी ने नौकर रखे हैं। जिस नागरिक ने भी अभी तक अपने किराएदारों या नौकरों का पुलिस वेरीफिकेशन नहीं करवाया है तो आप जल्दी से करवा लें। यह एडवाइजरी हिसार के पुलिस कप्तान शिवचरण आईपीएस ने स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष में कानून एवं शांति व्यवस्था के बनाए रखने के मद्देनजर जारी की है। उन्होंने जिले के सभी होटल ,रेस्टोरेंट ढाबे ,रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में गहन चेकिंग अभियान चलाए जाने के सख्त निर्देश दिए हैं इस दौरान जिला के विभिन्न होटलों रेस्टोरेंट एवं गेस्ट हाउसों में ठहरने वाले व्यक्तियों के रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। डीएसपी अमरजीत कटारिया ने मीडिया के रूबरू होते हुए बतलाया कि हिसार पुलिस द्वारा सभी होटल रेस्टोरेंट मालिकों को आदेश जारी किए गए हैं कि उनके यहां ठहरने वाले प्रत्येक व्यक्ति का रिकॉर्ड उनके पहचान पत्र एवं आधार कार्ड सहित रिकॉर्ड लेने उपरांत ही ठहरने की अनुमति प्रदान करें। उन्होंने कहा कि ऐसे मकान मालिक जिन्होंने अपने मकान किराए पर दे रखे हैं या देने जा रहे हैं तो ऐसे किराएदार व घरेलू नौकर इत्यादि का चरित्र सत्यापन पुलिस द्वारा जरूर करवाएं पुलिस को सूचना दिए बिना कोई भी मकान मालिक किराएदार ने रखें। पुलिस द्वारा किसी भी गैर कानूनी गतिविधियों को रोकने हेतु हरसंभव संसाधन जुटाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा जम्मू और कश्मीर से धारा 370 और 35ं को निरस्त करने उपरांत पुलिस मुख्यालय द्वारा अलर्ट एवं चौकस रहने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर झूठी अफवाहों और गलत संदेशों के प्रसार के खिलाफ सतर्कता बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए हैं इस दिशा में सघन चेकिंग अभियान चलाया जाना जरूरी हो गया है।


0 Comments