हरियाणा महाभारत-2019 : जल्द आने वाली है जननायक जनता पार्टी के उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट
25 सितंबर 2019, 4:56 PM
हरियाणा मीडिया जंक्शन। संदीप कम्बोज
चंडीगढ़। जननायक जनता पार्टी के उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जल्द आने वाली है। पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद दुष्यंत चौटाला ने कहा कि विधानसभा चुनाव की घोषणा के साथ ही पार्टी रोहतक में ताऊ को नमन करते हुए सबसे पहले चुनावी मैदान में उतर गई है। उन्होंने कहा कि पार्टी प्रत्याशियों की प्रथम सूची जारी हो चुकी है और प्रदेश में भाजपा का विकल्प जेजेपी पार्टी बनकर उभरी है। वहीं उन्होंने कहा कि पार्टी प्रत्याशियों के दूसरी सूची पर गंभीरता से विचार हो रहा है और जल्द ही दूसरी सूची जारी होगी। उन्होंने कहा कि रोहतक में जुटी लाखों लोगों की भीड़ ने जननायक के 106वें जन्मदिन पर मनोहर लाल खट्टर सरकार की नीतियों के विरोध में अपना रोष व्यक्त किया। पूर्व सांसद ने कहा कि विधानसभा चुनावों की घोषणा हो चुकी है और लोग प्रदेश की सत्ता के बदलाव के मूड में हैं। उन्होंने कहा कि जनता भाजपा सरकार की नीतियों से पूरी तरह से परेशान हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि रोहतक की रैली में उमड़ी भीड़ के बाद विरोधी दलों के होश फाख्ता हो गए हैं और जेजेपी का बढ़ता जनाधार उनके लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि जेजेपी की रोहतक में हुई सफल विशाल रैली में लाखों की संख्या में उमड़े जनसैलाब ने एक बात तो स्पष्ट कर दी है कि प्रदेशवासी जन विरोधी भाजपा सरकार को प्रदेश से उखाड़ फैंककर स्व. चौधरी देवीलाल जी के सपने को साकार करते हुए एक विकासशील हरियाणा का निर्माण करना चाहते है। उन्होंने कहा कि इस सपने को साकार करने का समय भी अब आ गया है। दुष्यंत ने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि ताऊ देवीलाल की सोच पर आगे बढ़ रही जेजेपी की इस बार प्रदेश में सरकार बनाए ताकि प्रदेशवासियों की खुशहाली के लिए एक स्वस्थ, शिक्षित और सुरक्षित हरियाणा का निर्माण किया जा सके।
हक के लिए दर-दर की ठोकरें खा रहा किसान-कमेरा वर्ग
साथ ही दुष्यंत चौटाला ने मौजूदा प्रदेश के हालातों पर चिंता जाहिर करते हुए कहा कि आज गरीब, युवा, किसान, कमेरे वर्ग को अपनों हकों के लिए दर-दर की ठोकरें खानी पड़ रही हैं। उन्होंने कहा कि बेपरवाह भाजपा सरकार में आज लाखों युवा क्लर्क परीक्षा के लिए इधर से उधर बसों पर लटककर धक्के खा रहे हैं तो कहीं सड़कें जाम हैं। वहीं परिक्षा देने के लिए घर से निकले युवा सड़क हादसों के शिकार होकर अपनी जान गवां रहे हंै लेकिन इतना सब होने के बावजूद प्रदेश सरकार को इसका जरा भी अहसास तक नहीं है। दुष्यंत ने कहा कि यही हाल आज भाजपा सरकार ने किसान-कमेरे वर्ग का बना रखा है जो कि हमारे लिए चिंताजनक हैं।


0 Comments