भारी-भरकम चालान करने वाली भाजपा सरकार के निशाने पर आज फिर किसान का ट्रैक्टर : दुष्यंत
बोले, भाजपा सरकार के घोटालों व तानाशाही फैसलों ने तोड़ी किसान-कमेरे वर्ग की कमर
15 सितंबर 2019, 3:12 PM
हरियाणा मीडिया जंक्शन न्यूज
चंडीगढ़। जननायक जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद दुष्यंत चौटाला ने चिंता जाहिर करते हुए कहा है कि भाजपा सरकार के घोटालों व तानाशाही फैसलों की वजह से आज किसान-कमेरे वर्ग की हालत और दयनीय हो गई है। उन्होंने कहा कि ईमानदारी से सरकार चलाने की बजाय करीब पिछले पांच वर्षों से भाजपा ने केवल जनता को गुमराह करके उन्हें लूटने का काम किया है। दुष्यंत ने कहा कि जहां आशीर्वाद यात्रा के नाम पर सीएम मनोहर लाल व भाजपा सरकार ने सरकारी खजाने के करोड़ों रुपए बर्बाद कर दिए तो वहीं चार बार प्रदेश को जलाने के साथ-साथ माइनिंग, ओवर लोड़िंग घोटाला, प्राइवेट बस घोटाला, बिजली मीटर घोटाला व एससी छात्रवृति आदि घोटाले किए। दुष्यंत ने चिंता जाहिर करते हुए कहा कि जहां एक तरफ भाजपा सरकार में किसान-कमेरे वर्ग की हालत दयनीय बनी हुई है तो वहीं इस तरह से लगातार घोटाले उजागर होना प्रदेश के भविष्य के लिए घातक है। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि आज भाजपा राज में गरीब, किसान, मजदूर, कमेरा, छोटा व्यापारी, कर्मचारी समेत प्रत्येक वर्ग सरकार से दुखी है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के घोटाले और तानाशाही नीतियों ने गरीब, किसान-कमेरे वर्ग की कमर तोड़ कर रख दी है।
चालान की तलवार ले आई सरकार
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि ये सरकार अब चालान की तलवार ले आई है। आज ट्रैक्टर फिर से सरकार के निशाने पर है और हजारों रूपयों के भारी-भरकम चालान काटे जा रहे है जो कि सरासर किसानों के साथ अन्नाय है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जेजेपी की सरकार आने पर किसान-कमेरे वर्ग के हित में कई कल्याणकारी योजनाएं लागू की जाएगी। साथ ही उन्होंने कार्यकतार्ओं से आह्वान करते हुए कहा कि हमारे पास समय कम है इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता को दिन-रात एक करते हुए मेहनत ज्यादा करनी है और एक महीने में परिवर्तन लाना है। शनिवार को बहादुरगढ़ हलके के गांव कानोंदा में जजपा के शहरी जिलाध्यक्ष प्रवीण राठी द्वारा आयोजित युवा आगाज सम्मेलन को संबोधित करते हुए दुष्यंत ने कहा कि भाजपा सरकार ने गेटवे आॅफ बहादुरगढ़ को गेटवे आॅफ बेरोजगारी, गेटवे आॅफ अपराध तथा गेटवे आॅफ महंगाई बना दिया है।


0 Comments