सख्ती : किसी सूरत में बख्शे नहीं जाने चाहिए भू्रण हत्या करने वाले कोख के कातिल


सख्ती : किसी सूरत में बख्शे नहीं जाने चाहिए भू्रण हत्या करने वाले कोख के कातिल 
मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी कार्यक्रम के परियोजना निदेशक डा. राकेश गुप्ता ने दिए सख्त निर्देश 


 4 सितंबर 2019, 8:29 PM
हरियाणा मीडिया जंक्शन न्यूज
हिसार। मुख्यमंत्री मनोहर लाल लड़कियों के सशक्तिकरण व उनकी सुरक्षा की दिशा में चलाई जा रही योजनाओं व नीतियों के क्रियान्वयन के प्रति गंभीर है। इसी कड़ी में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान की शुरूआत भी स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रदेश की धरती से ही की थी। इसलिए पीएनडीटी एक्ट के तहत कन्या भू्रण हत्या करने वालों के खिलाफ  सख्त कार्यवाही अमल में लाई जाए और आरोपियों को किसी भी सूरत में बख्शा ना जाए। यह बात मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी कार्यक्रम के परियोजना निदेशक डा०राकेश गुप्ता ने वीडियो कॉफ्रेंस के माध्यम से अधिकारियों को संबोधित करते हुए कही। वे वीसी के माध्यम से प्रदेश सरकार की विभिन्न विकासात्मक योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर रहे थे। डा० राकेश गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के सख्त आदेश हैं कि कन्या भ्रूण हत्या करने वाले आरोपी का सख्त सजा दिलाई जाए। इसलिए जिला स्तर पर अधिकारी या कर्मचारी ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी के प्रति नरमी न दिखाएं। यदि मामलों की कार्यवाही में कोई रूकावट डालता है या प्रभावित करता है तो उसके खिलाफ  भी कार्यवाही अमल में लाई जाए। उन्होंने पीएनडीटी एक्ट के तहत अधिक से अधिक रेड मारने के निर्देश दिए ताकि कन्या भ्रूण हत्या करने वालों के खिलाफ  सख्त कार्यवाही की जा सके और इसे जड़ से खत्म किया जा सके। उन्होंने अवैध रूप से चल रहे अल्ट्रासाउंड केंद्रों को भी सील करने के निर्देश दिए। कन्या भ्रूण हत्या करने वाले चिकित्सों तथा अन्य सहयोगियों को सलाखों के पीछे भेजा जाए। इस दिशा में हर संभव कदम उठाए जाएं। साथ ही उन्होंने पॉस्को एक्ट पर भी मंथन करते हुए जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने सीएम विंडो को लेकर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने एक-एक जिले की स्थिति की समीक्षा करते हुए जरूरी दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीएम विंडो पर आने वाली शिकायतों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। उन्होंने पीएनडीटी एक्ट और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान को लेकर पीएनडीटी एक्ट को सख्ती से लागू करने और कन्या भ्रूण हत्या पर शिकंजा कसने में अहम भूमिका निभाने के लिए हिसार के सिविल सर्जन डा०संजय दहिया और समस्त टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त एएस मान, डा०टीपी शर्मा, डा०दीपक चौधरी, डा०अनिल आहुजा व डा० अनिता बसंल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

अल्ट्रासाउंड केंद्रों व क्लिनिक पर होगी छापामार कार्रवाई 
जिला स्वास्थ्य विभाग की टीम सिविल सर्जन डा०संजय दहिया के कुशल दिशा निदेर्शानुसार पीएनडीटी एक्ट को सख्ती से लागू करने और कानून की अवहेलना करने वालों पर शिकंजा कसने के लिए हर तरह से मुस्तैदी के साथ कार्य में जुटी है। डा०संजय दहिया ने बताया कि जिला एप्रोप्रिएट कमेटी कानून को कड़ाई से लागू करने के लिए हर संभव अभियान चलाकर भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान को शिखर तक लेकर जाने के लिए दृढ़ संकल्पित है। उन्होनें बताया कि गत वर्षों में पीएनडीटी एक्ट को उल्लेखनीय रूप से लागू करने के परिणामस्वरूप हिसार का लिंगानुपात 914 से बढ़कर 2018 के आँकड़ों के अनुसार 944 पर जा पहुँचा है। अभियान को सख्ती से लागू करने के लिये भविष्य में भी अवैध गतिविधियों में शामिल अल्ट्रासाउंड केंद्रों और क्लिनिक पर छापामार अभियान जारी रहेगा व कानून तोड़ने वालों पर सख्त कार्यवाही अम्ल में लाई जायेगी तथा आरोपियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। 

Post a Comment

0 Comments