हरियाणा महाभारत-2019 : सारे काम छोड़ दो, सबसे पहले वोट दो

हरियाणा महाभारत-2019 : सारे काम छोड़ दो, सबसे पहले वोट दो 

मतदाता जागरूकता अभियान के दौरान नारों से गूंजी ऐलनाबाद की गलियां 

2 अक्तूबर 2019, 11: 26 AM
हरियाणा मीडिया जंक्शन। गौरव सोनी कोटली 
सिरसा/ऐलनाबाद। भारत दुनिया की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक प्रणाली का प्रतिनिधित्व करता है। मतदान इस लोकतांत्रिक प्रणाली को मजबूती प्रदान करने का सशक्त माध्यम है। इसलिए हर नागरिक का कर्तव्य बनता है कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग कर देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को सुदृढ करने में अपना सहयोग करें। आने वाली 21 अक्तूबर को विधानसभा आम चुनाव में हर पात्र नागरिक अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें। यह बात ऐलनाबाद विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम संयम गर्ग ने मंगलवार को स्वीप कार्यक्रम के तहत मतदाता जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाने के दौरान कही। शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित मतदाता जागरूकता रैली में ऐलनाबाद के 14 स्कूलों के 560 से अधिक छात्र-छात्राओं ने मतदाता जागरूकता रैली में भाग लिया। बच्चों ने लोकतंत्र की पहचान, ऊंगली पर निशान, आपका मतदान-लोकतंत्र की जान, वोट डालने जाना है, अपना फर्ज निभाना है जैसी अनेकों जागरूकता स्लोगन लिखी तख्ती हाथों में लेकर लोगों को मतदान के लिए जागरूक करने के साथ-साथ प्रेरित भी किया। टिब्बी अड्डा से लेकर अनाज मंडी तक रैली निकाली गई। इस दौरान बच्चों द्वारा सारे काम छोड़ दो, सबसे पहले वोट के नारों से पूरा ऐलनाबाद गूंजायमान हो उठा। इस अवसर पर सचिव नगरपालिका सुरेंद्र शर्मा, खंड शिक्षा अधिकारी ऋषि कुमार शर्मा, एसीपीओ श्रवण सिंह, प्रिंसिपल सोहन लाल सहित स्कूलों के प्रिंसिपल व अध्यापक उपस्थित थे।  एसडीएम संयम गर्ग ने कहा कि देश की लोकतांत्रिक प्रणाली की मजबूती के लिए शतप्रतिशत मतदान जरूरी है, इसलिए हर मतदाता अपने मताधिकार प्रयोग करके अपनी इस जिम्मेवारी को जरूर निभाएं। विधानसभा आम चुनाव-2019 के लिए 21 अक्तूबर को होने वाले मतदान में प्रत्येक मतदाता सारे काम छोड़कर सबसे पहले अपना वोट डालने का काम करें। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वे अपने आसपास के सभी नौजवान, पुरूषों, महिलाओं, बुजुर्गों, रिश्तेदारों, आसपड़ोस आदि को अपना नैतिक कत्र्तव्य समझाते हुए सारे काम छोड़कर बढ़चढ़ कर मतदान के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि बगैर किसी प्रलोभन के अपने मताधिकार का सही प्रयोग करें। लोकतंत्र को मजबूत बनाने में मतदान प्रणाली एक ऐसी प्रक्रिया है जिसमें सभी लोगों को समान रूप से भाग लेना अति आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विधानसभा आम चुनाव 2019 में ज्यादा से ज्यादा मतदान के लिए लोगों को स्वीप कार्यक्रम के तहत विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से जागरूक किया रहा है।

Post a Comment

0 Comments