हरियाणा में 22 करोड़ लीटर से बढ़कर 32 करोड़ लीटर हो गई शराब की खपत,स्कूली शिक्षा खत्म होने के कगार पर : योगेंद्र यादव

हरियाणा में 22 करोड़ लीटर से बढ़कर 32 करोड़ लीटर हो गई शराब की खपत,स्कूली शिक्षा खत्म होने के कगार पर : योगेंद्र यादव  




2 अक्तूबर 2019, 3:19 
PM

हरियाणा मीडिया जंक्शन न्यूज
चंडीगढ़। स्वराज इंडिया के अध्यक्ष योगेन्द्र यादव ने भाजपा के एक सांसद की संस्था की ओर से खट्टर सरकार को वादे पूरा करने वाली सरकार बताने वाला सर्वे जारी करना जनभावनाओं का अनादर बताया है। उन्होंने कहा कि सर्वे के नाम पर खट्टर सरकार को लोकप्रिय बताने का खेल राज्य की जनता के साथ धोखा है जो बीते पाँच साल से सरकार के वादे पूरे किए जाने की इंतजार में बैठे हैं। उन्होंने कहा कि खट्टर सरकार को अधिकतर वादे पूरे करने का प्रमाणपत्र देने वाली संस्था 'पब्लिक पॉलिसी रीसर्च सेंटर' नामक संस्था की तटस्थता पर इसलिए ही  सवाल उठ रहे हैं क्योंकि इसके निदेशक विनय सहस्त्रबुद्धे भाजपा सांसद हैं। उनका खट्टर सरकार को 96 प्रतिशत चुनावी वादे पूरा करने का सर्टिफिकेट देना संस्था की प्रमाणिकता पर सवालिया निशान लगता है जबकि राज्य भर में जनता सरकार की वादाखिलाफी के विरुद्ध खुलकर आवाज उठा रही है।  योगेन्द्र यादव  ने कहा कि रिपोर्ट में सर्वे के आधार पर दावा किया गया है कि अच्छे प्रशासन के चलते खट्टर सरकार ने लिंगानुपात के अंतर को कम कर दिया  और बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ के अभियान को कामयाब किया। उन्होंने कहा कि सच्चाई यह है कि खट्टर सरकार  पिछले पाँच साल के कार्यकाल में हरियाणा 'गैंगरेप कैपिटल' के रूप में बदनाम हो गया है। पिछले पाँच साल के दौरान राज्य भर में महिलाओं के प्रति अपराधों में ढेड़ गुणा बढ़ोतरी हुई है जो सर्वे करने वाली संस्था के दावों को झुठलाती है । बलात्कार के अलावा महिलाओं के अपहरण के मामले भी बढ़ कर दोगुने हो गए हैं। बीते तीन साल में ही महिलाओं के प्रति अपराध 43 प्रतिशत बढ़ गए हैं। गोदारा ने कहा कहा कि सत्ता में आने से पहले भाजपा  ने राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए दिल्ली के अककटर जैसे दो स्वास्थ्य संस्थान बनाने को चुनावी वादों में शामिल किया था । उस वादे का अंजाम भी बाकी वादों की तरह हवाई वादा बन कर रह गया. अब हालात यह हैं कि राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं का बुरा हाल है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को सुधारना तो दूर, सरकार ने लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करते हुए राज्य में शराब की नदियाँ बहा दी है. राज्य में शराब की खपत ने पिछले सारे रिकार्ड तोड़ दिए हैं. बीते वर्ष के आँकड़ों के मुताबिक प्रदेश में शराब की खपत 22 करोड़ लीटर से बढ़ कर 32 करोड़ लीटर से भी अधिक जा पहुँची है. शराब की इतनी खपत से गाँवों में सरकार का भारी विरोध हो रहा है. महिलाएँ शराब के ठेकों के आगे धरने दे रही हैं. स्वराज इंडिया महिलाओं के इस अभियान में उनके साथ खड़ा है।



5 साल में 55 फीसद बच्चों ने सरकारी स्कूल छोड़ प्राईवेट स्कूलों में लिया दाखिला 
स्वराज इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष राजीव गोदारा ने चुनावी वादे पूरे करने में सरकार की नाकामियों को उजागर करते हुए कहा कि 2014 के चुनावी घोषणा पत्र में भाजपा ने राज्य के दो विश्वविद्यालयों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विकसित करने का वादा किया था। इसके उलट स्थिति यह है कि राज्य में स्कूली शिक्षा भी खत्म होती जा रही है। गोदारा ने 'असर' संस्था की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि खट्टर सरकार के कार्यकाल में 146 सरकारी स्कूल बंद हो चुके हंै और 4.87 लाख बच्चे सरकारी स्कूलों से बाहर हो गए हैं। सर्वे के आँकड़ों के मुताबिक हरियाणा में 55 प्रतिशत बच्चे सरकारी स्कूलों से निकलकर प्राइवट स्कूलों में चले गए हैं। सरकार के एक और चुनावी वादा पूरा करने के दावे के झूठ को बेनकाब करते हुए गोदारा ने कहा कि  बारहवीं पास और ग्रैजूएट बेरोजगार युवकों को हर महीने क्रमश: 6000 और 9000 रुपए मानदेय दिए जाने का वादा धराशाही हो चुका है। राज्य में बेरोजगारी का आलम यह है कि ताजा आँकड़ों के मुताबिक राज्य में बीस लाख से अधिक ग्रैजूएट बेरोजगार हैं और नौकरी पाने की जद्दोजहद में जान गँवा रहे हैं।

Post a Comment

0 Comments