कांग्रेस में महासंग्राम : अशोक तंवर ने खोल दी कांग्रेस की पोल, बोले 5 करोड़ में बेची गई कांग्रेस की टिकट


कांग्रेस में महासंग्राम : अशोक तंवर ने खोल दी कांग्रेस की पोल, बोले 5 करोड़ में बेची गई कांग्रेस की टिकट 
सड़क पर खुलकर आई गुटबाजी, सोनिया आवास के बाहर जमकर नारेबाजी
हुड्डा व सैलजा पर टिकट वितरण में मनमानी का आरोप 

2 अक्तूबर 2019, 9:53 PM
हरियाणा मीडिया जंक्शन। संदीप कम्बोज 
नई दिल्ली। टिकट बंटवारे से पहले ही हरियाणा कांग्रेस की गुटबाजी व टिकट वितरण की पोल खुल गई है। यह पोल खोलने वाला कोई और नहीं बल्कि पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष डा अशोक तंवर हैं। टिकट वितरण में मनमानी से नाराज तंवर ने आज अपने हजारों समर्थकों के साथ दिल्ली में सोनिया गांधी आवास के बाहर डेरा डाला हुआ है। समर्थक दिनभर से लगातार जोरदार नारेबाजी कर रहे हैं। इस दौरान तंवर ने अपनी ही पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका आरोप है कि सोहना विधानसभा सीट पांच करोड़ में बेची गई है। अशोक तंवर ने बिना नाम लिए भूपेंद्र हुड्डा पर आरोप लगाते हुए कहा, ''वो बीजेपी के लोगों के साथ मिले हुए हैं। कई सीटें ऐसी हैं जहां वो इंडियन नेशनल लोक दल और बीजेपी के कहने पर टिकट दे रहे हैं जिन मेरे साथियों ने पिछले पांच साल सड़क पर संघर्ष किया उनकी राजनीतिक हत्या करने का प्रयास हो रहा है।'' अशोक तंवर के समर्थकों ने आज काग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के घर के बाहर प्रभारी गुलाम नबी आजाद,भूपेंद्र हुड्डा और कुमारी शैलजा के खिलाफ नारेबाजी की। अशोक तंवर के समर्थकों का आरोप है कि भूपेंद्र हुड्डा और कुमारी शैलजा ने सिर्फ़ अपने समर्थकों को ही टिकट दिया है अशोक तंवर के जितने भी लोग टिकट मांग रहे थे किसी का भी नाम लिस्ट में नहीं डाला गया।

तंवर ने मांगी थी 36 टिकटें, मिली एक भी नहीं 
दरअसल अशोक तंवर ने पहले 90 में से 36 टिकटें मांगी थीं, इसे बाद में घटाकर 15 कर दिया गया लेकिन जब कल केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक हुई तो उसमें अशोक तंवर के हिस्से में एक भी टिकट नहीं आयी। यहां तक कि उनके संसदीय क्षेत्र में भी तंवर को टिकट नहीं दी गई। कुछ ऐसा ही हाल पूर्व विधायक दल की नेता किरण चौधरी का भी हुआ। किरणचौधरी के संसदीय क्षेत्र में भी किरण को टिकट नहीं दी गई। सूत्रों के मुताबिक किरण चौधरी ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात कर ये साफ कर दिया कि अगर उनके संसदीय क्षेत्र में उन्हें टिकट नहीं दी गई तो वह खुद भी विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगी।

राजनीतिक हत्या करने का प्रयास 
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के घर के बाहर अशोक तंवर ने अपने समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा कि यह राजनीतिक हत्या करने का प्रयास हो रहा है। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ने हमेशा न्याय किया है और मुझे उम्मीद है कि हमें भी न्याय मिलेगा।

Post a Comment

0 Comments