सिरसा : 69 गांवों के 178 पोलिंग बूथ अतिसंवेदनशील, सुरक्षा के होंगे पुख्ता प्रबंध



सिरसा : 69 गांवों के 178 पोलिंग बूथ अतिसंवेदनशील, सुरक्षा के होंगे पुख्ता प्रबंध

11 अक्तूबर 2019, 2:28 PM
हरियाणा मीडिया जंक्शन। गौरव सोनी कोटली 
सिरसा। जिला सिरसा में शांतिपूर्ण, पारदर्शी व व्यवस्थित ढंग से मतदान प्रक्रिया सम्पन्न करवाने के लिए 994 बूथ बनाए गए हैं जिनमें 225 बूथ शहरी क्षेत्रों में तथा 769 बूथ ग्रामीण क्षेत्रों में हैं। इन सभी बूथों पर बिजली, पानी, शौचालय आदि सुविधाओं के अलावा दिव्यांगों के लिए रैंप सुविधा भी मुहैया रहेगी। इसके अलावा सुरक्षा की दृष्टि से व्यापक प्रबंध किए जाएंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त अशोक कुमार गर्ग ने बताया कि जिला में 69 गांवों के 178 पोलिंग बूथ अतिसंवेदनशील तथा 70 गांवों के 183 बूथ संवेदनशील चिह्नित किये गए हैं। इसके अलावा 7 बूथों को क्रिटिकल की श्रेणी में रखा गया है। उन्होंने कहा कि संवेदनशील, अतिसंवेदनशील व क्रिटिकल बूथों में चुनाव प्रक्रिया की देखरेख और शांतिपूर्ण मतदान के लिए विशेष बल तैनात किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कालांवाली विधानसभा क्षेत्र में 17 गांवों के 42 बूथ अतिसंवेदनशील व 23 गांवों के 52 बूथ संवेदनशील चिह्नित किये गए हैं। इसी प्रकार डबवाली विधानसभा क्षेत्र में 14 गांवों के 44 बूथ अतिसंवेदनशील व 18 गांवों के 49 बूथ संवेदनशील, रानियां विधानसभा क्षेत्र में 21 गांवों के 52 बूथ अतिसंवेदनशील व 9 गांवों के 17 बूथ संवेदनशील, सिरसा विधानसभा क्षेत्र में 7 गांवों के 18 बूथ अतिसंवेदनशील व 3 गांवों के 26 बूथ संवेदनशील, ऐलनाबाद विधानसभा क्षेत्र में 10 गांवों के 22 बूथ अतिसंवेदनशील व 17 गांवों के 39 बूथ संवेदनशील चिह्नित किये गए हैं। उन्होंने कहा कि क्रिटिकल पोलिंग बूथों में जिन 7 बूथ को शामिल किया गया है, जिनमें एक बूथ कालांवाली, 3 बूथ डबवाली तथा 3 बूथ ऐलनाबाद विधानसभा क्षेत्र से हैं।

कालांवाली : चुनाव संबंधी शिकायत व समस्या है तो डायल करें यह नंबर
सिरसा। हरियाणा विधानसभा आम चुनाव 2019 के तहत सिरसा जिला के कालांवाली विधानसभा क्षेत्र के सामान्य पर्यवेक्षक सामान्य पर्यवेक्षक कपिल मीणा ने बताया कि कालांवाली विधानसभा क्षेत्र से संबंधित चुनावी शिकायत या समस्या के लिए नागरिक सीडीएलयू सिरसा के फैकल्टी हाउस के कमरा नम्बर 101 में प्रात: 10 से 11 बजे तक सम्पर्क कर सकते हैं। इसके अलावा मोबाइल नम्बर 80590-12432 पर सम्पर्क कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा बनाई गई सी-विजिल एप  पर भी मतदाता अपनी की चुनाव संबंधी शिकायतें दर्ज करवा सकते हैं। सी-विजिल पर आई शिकायतों के निपटान के लिए एफएसटी टीमों का गठन किया गया है जिन्हें अपने-अपने क्षेत्र से संबंधित शिकायतों का निर्धारित समयावधि 100 मिनट में निपटारा करना होता है। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण चुनाव प्रक्रिया में नागरिक भी प्रशासन का सहयोग करे और शत प्रतिशत मतदान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें तथा दूसरों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें।

Post a Comment

0 Comments