भाजपा राज में किसानों की आय दोगुनी नहीं, भाजपा वालों की आय तीन-चार गुणा जरुर हो गई : दुष्यंत चौटाला
6 अक्तूबर 2019, 8 :38 PM
हरियाणा मीडिया जंक्शन न्यूज
नारनौंद/चंडीगढ़। जननायक जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद दुष्यंत चौटाला ने कहा है कि किसान की आय दोगुनी करने का वादा करके सत्ता में आई भाजपा सरकार ने किसानों की आय तो दोगुनी नहीं की लेकिन अपने मंत्रियों और नेताओं की आय को तीन-चार गुणा बढ़ा दी है। उन्होंने कहा कि किसान भाजपा सरकार से पूछने का काम करें कि कैसे कृषि मंत्री ओपी धनखड़ की आय चार-पांच गुना और वित्त मंत्री की आय तीन गुणा बढ़ी। उन्होंने कहा कि आज जनता से लूटे इन्हीं पैसों के दम पर भाजपा चुनाव लड़ रही है। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि इसी तरह आज बेरोजगार युवाओं को रोजगार नहीं बल्कि उन्हें दर-दर की ठोकरे खिलाई जा रही है। उन्होंने कहा कि ग्रुप डी में मनोहर खट्टर सरकार ने एमफिल-पीएचडी योग्यता वालों को चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी लगाकर उनकी तीन पीढ़ियों का भविष्य दांव पर लगा दिया। उन्होंने कहा कि माली, चपरासी का काम तो आठवीं पास भी कर सकते हैं तो फिर उच्च शिक्षा वाले युवकों के भविष्य के साथ क्यों खिलवाड़ किया गया।उन्होंने कहा कि खट्टर सरकार में नौकरियां बेची गई, पेपर लीकर करके करोड़ों रूपये कमाए गए और प्रदेश के इतिहास में पहली बार ज्यूडशरी का पेपर लीक हुआ और करोड़ों रूपये कमाए गए। उन्होंने कहा कि खट्टर साहब झूठा ढोंग ज्यादा नहीं चलेगा और इस बार जनता भाजपा को प्रदेश से चलता कर देगी।
वानर सेना ही करेगी भाजपा सरकार का नाश
भाजपा प्रभारी अनिल जैन द्वारा दुष्यंत को बंदर कहने पर टिप्पणी करते हुए दुष्यंत ने कहा कि मुझे बंदर बताने वाले यह अच्छी तरह जान भी लें और समझ भी लें कि जिस प्रकार से वानर सेना ने पापी लंका का नाश किया उसी तरह से रावण रूपी भाजपा सरकार का नाश भी प्रदेश की युवा रूपी वानर सेना ही नाश करेगी।


0 Comments